गढ़पुरा में कलश शोभायात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू

Updated:
विज्ञापन
गढ़पुरा में कलश शोभायात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू

गढ़पुरा के बाबा हरिगिरिधाम परिसर में बुधवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के उल्लास के बीच सूर्य मंदिर, भगवान गणेश एवं नंदी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया.

विज्ञापन

गढ़पुरा. गढ़पुरा के बाबा हरिगिरिधाम परिसर में बुधवार को धार्मिक आस्था और भक्ति के उल्लास के बीच सूर्य मंदिर, भगवान गणेश एवं नंदी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया. इस पावन अवसर पर कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. जिसमें 251 कुंवारी कन्याओं ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ायी. गाजे-बाजे और जयघोष के साथ निकली यह शोभायात्रा श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत कर रही थी. कलश शोभा यात्रा बाबा हरिगिरिधाम से प्रारंभ होकर गढ़पुरा बाजार, गढ़पुरा चौक, धर्मपुर होते हुए मैसना गांव का भ्रमण करती हुई पुनः बाबा हरिगिरिधाम पहुंची. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलशधारी कन्याओं का स्वागत किया. धाम परिसर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश की स्थापना की गयी. इस संबंध में धाम समिति के सचिव लक्ष्मी नारायण मिश्र ने बताया कि बाबा हरिगिरिधाम परिसर में नवनिर्मित सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य की प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गयी है. इसके साथ ही भगवान गणेश एवं नंदी की प्रतिमाओं का भी प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुआ. वहीं चंद्रभागा सरोवर में भी विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की गई. उन्होंने बताया कि इस पावन अवसर पर धाम परिसर में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है. इस कथा का प्रवचन वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक वैदेही शरण जी द्वारा किया जायेगा. कथा प्रतिदिन संध्या 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक लगातार नौ दिनों तक चलेगी. भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश दिया जायेगा. आयोजन को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया. सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर धाम समिति के सदस्य एवं स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहे. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और हर ओर जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा.

विज्ञापन
Manish Kumar

लेखक के बारे में

By Manish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन