सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में तैयारी पूरी, कांवरियों के स्वागत को सज रहा मंदिर परिसर
दूसरी सोमवारी को लेकर सजधज तक तैयार बाबा हरिगिरिधाम
Begusarai News : सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर बेगूसराय के बाबा हरिगिरिधाम में तैयारियां तेज. जलाभिषेक के लिए उमड़ रहे हैं कांवरिए, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Begusarai News : गढ़पुरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिगिरिधाम मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास मार्ग को व्यवस्थित किया जा रहा है. सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरिधाम में जलाभिषेक के लिए बेगूसराय जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा आसपास के जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. कई कांवरिये रविवार से ही हरिगिरिधाम पहुंचने लगेंगे.
कांवरियों के लिए जगह-जगह लगाए जाएंगे सेवा शिविर
दूसरी सोमवारी को लेकर हरिगिरिधाम आने वाले कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में शीतल पेयजल, नींबू-पानी, शर्बत सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है. स्थानीय युवा और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी कांवरियों की सेवा में जुटेंगे. मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय रहने की उम्मीद है.
सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगेगी श्रद्धालुओं की कतार
सोमवारी के दिन सुबह से ही बाबा हरिगिरिनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगने लगेगी. भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पूजा-अर्चना कराने की व्यवस्था की जाएगी. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रखने की तैयारी की गई है, ताकि किसी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
दूसरी सोमवारी पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है. मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती के साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी. वाहनों के आवागमन और पार्किंग को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो. आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा हरिगिरिधाम में दूसरी सोमवारी पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजने की उम्मीद है.
बरौनी और बेगूसराय स्टेशनों पर बढ़ी कांवरियों की भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर बरौनी और बेगूसराय रेलवे स्टेशनों पर शिवभक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है. बेगूसराय रेलवे स्टेशन इन दिनों बोल बम के जयघोष से गूंज रहा है. स्टेशन परिसर भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है, जहां आम यात्रियों की अपेक्षा बड़ी संख्या में कांवरिये दिखाई दे रहे हैं. बरौनी स्टेशन पर कांवरियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं, विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर भी व्यवस्था दुरुस्त की गई है.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










