बेगूसराय के फुलवड़िया में बढ़ते अपराध से दहशत, कई वारदातों का अब तक नहीं हुआ खुलासा

Author Niraj Kumar|Edited by Sakshi Kumari
Updated:
विज्ञापन
गोलीकांड, बैंक कर्मी एवं सेल टैक्स से लूट और मोटरसाइकिल चोरी मामले में फुलवड़िया थाना पुलिस के हाथ खाली

सूखा नशा उपयोग की सामग्री

बेगूसराय के फुलवड़िया में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों को डरा दिया है. लूट, गोलीबारी और चोरी की वारदातों के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. इससे व्यवसायियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है.

विज्ञापन

Begusarai-Phulwaria Crime : बेगूसराय के बरौनी स्थित फुलवड़िया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लूट, गोलीबारी और चोरी की कई वारदातों के बाद भी अब तक किसी मामले का खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.

लगातार वारदातों से बढ़ी लोगों की चिंता

फुलवड़िया थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई कई आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी लगातार वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं, जबकि पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है. इससे क्षेत्र के व्यवसायियों और आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है.

एक के बाद एक हुईं कई बड़ी घटनाएं

जानकारी के अनुसार 1 जुलाई को आरकेसी स्कूल के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई. इसी दिन बरौनी नगर परिषद वार्ड-1 स्थित एक माइक्रो क्रेडिट शाखा की महिला कर्मी से करीब 1.23 लाख रुपये की लूट की घटना हुई. इसके बाद 3 जुलाई की सुबह वार्ड-14 के कलमबाग टोला में एक सेवानिवृत्त सेल टैक्स कर्मी के घर से लगभग 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात और अन्य सामान की चोरी हुई. वहीं 12 जुलाई की शाम सिंधिया चौक फल मंडी के पास पूर्व जिला परिषद सदस्य सिकंदर अली को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया तथा मौके पर हवाई फायरिंग भी की.

पुलिस ने जांच तेज होने का किया दावा

इन सभी मामलों को लेकर फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी ने कहा कि प्रत्येक घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि अधिकांश मामलों में पुलिस निर्णायक स्थिति तक पहुंच चुकी है और जल्द ही कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सभी मामलों की निगरानी तेघड़ा डीएसपी स्वयं कर रहे हैं.

सूखा नशा बना चिंता का विषय

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सूखा नशा और अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई है. उनका कहना है कि बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिससे सामाजिक और मानसिक समस्याएं बढ़ रही हैं. लोगों का मानना है कि बढ़ते अपराध के पीछे नशे का कारोबार भी एक प्रमुख कारण हो सकता है.

इन इलाकों को बताया जा रहा नशे का हॉटस्पॉट

स्थानीय लोगों के अनुसार जगदंबा पोखर के पीछे का क्षेत्र, जगदंबा स्थान, शोकहारा के पास स्थित इलाका, फुलवड़िया-3 का कुछ हिस्सा, मिरचैया चौक के आसपास तथा सिंधिया चौक से सुईया फैक्ट्री तक का क्षेत्र सूखा नशा कारोबार से प्रभावित माना जा रहा है. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस ने कार्रवाई जारी रहने की कही बात

थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि सूखा नशा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस कारोबार में शामिल कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा कारोबार की सूचना प्रशासन को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

Also Read : बेगूसराय बनेगा बिहार का पहला डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की शुरुआत


विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन