यूजर चार्ज की वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होगी बर्दाश्त : बीडीओ

Published by :MANISH KUMAR
Published at :28 Apr 2026 9:36 PM (IST)
विज्ञापन
यूजर चार्ज की वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होगी बर्दाश्त : बीडीओ

सदर प्रखंड के मीटिंग हॉल में मंगलवार को सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं विकासमित्रों की समीक्षा बैठक बीडीओ रविशंकर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी.

विज्ञापन

बेगूसराय. सदर प्रखंड के मीटिंग हॉल में मंगलवार को सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं विकासमित्रों की समीक्षा बैठक बीडीओ रविशंकर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक का उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वच्छता एवं सामाजिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था. बैठक में महादलित परिवारों के सर्वेक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गयी. बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी विकास मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में महादलित परिवारों का सर्वेक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करें. उन्होंने यह भी कहा कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी पात्र परिवार का नाम छूटना नहीं चाहिए तथा सभी सूचनाओं को अद्यतन एवं सत्यापित रूप में संकलित किया जाये. इसके अतिरिक्त, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया. स्वच्छता पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने वार्ड क्षेत्रों में नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें. सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यों की निगरानी करें तथा कहीं भी कचरे का जमाव नहीं होने दें. आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बैठक में यूजर चार्ज की वसूली की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित दरों के अनुसार नियमित रूप से यूजर चार्ज की वसूली सुनिश्चित की जाये. उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए यूजर चार्ज अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. साथ ही लोगों को यूजर चार्ज के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए जनसंपर्क बढ़ाने पर बल दिया गया. इसके अलावा, स्वच्छता से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी, जिनमें ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, नालियों की सफाई, तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न सरकारी अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल हैं. अंत में बीडीओ ने सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं विकास मित्रों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. बैठक में प्रखंड समन्वयक सुजीत कुमार सहित सभी विकासमित्र एवं सभी स्वच्छता पर्यवेक्षक उपस्थित थे.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन