बेगूसराय में नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, बेगूसराय में सफाई व्यवस्था ठप
लोहिया नगर में जमा कूड़ा-कचरा
Begusarai News : बेगूसराय में नगर निगम कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।
Begusarai News : बेगूसराय में बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन के नेतृत्व में गठित बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई से लेकर अधिकांश कार्यालयी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे. शहर के विभिन्न मोहल्लों से कूड़ा उठाव नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लग गया.
कार्यालय गेट पर धरना, मांगों के समर्थन में नारेबाजी
नगर निगम के कर्मचारी दिनभर कार्यालय गेट पर धरना-प्रदर्शन करते रहे और अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. आंदोलनकारी कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.
दैनिक और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग
संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश कुमार सिंह एवं महामंत्री दिलीप मल्लिक ने कहा कि वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मियों, संविदा कर्मियों एवं अन्य अस्थायी कर्मचारियों की सेवाओं का नियमितीकरण किया जाए और उन्हें सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए. उन्होंने कहा कि लंबे समय से नियमित सेवा देने के बावजूद इन कर्मचारियों को स्थायी दर्जा नहीं मिला है, जो सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अनुचित है.
ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की मांग
कर्मचारियों ने नगर निकायों में लागू ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर संबंधित कर्मियों को नगर निकाय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की. उनका कहना है कि इससे आर्थिक शोषण, भ्रष्टाचार, बिचौलिया प्रथा और असुरक्षित रोजगार व्यवस्था पर रोक लगेगी. उन्होंने यह भी मांग की कि जब तक आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त नहीं होती, तब तक संबंधित कर्मियों का वेतन नगर निकाय द्वारा सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाए. साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन और नियमित कर्मचारियों के समान सभी सेवा लाभ दिए जाएं.
एसीपी और एमएसीपी योजना लागू करने की भी मांग
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने नगर निकाय कर्मियों को भी राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की तरह एसीपी और एमएसीपी योजना का लाभ देने तथा बकाया राशि का भुगतान करने की मांग उठाई. उनका कहना है कि अधिकांश कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति के अवसरों से वंचित हैं, जिससे उनकी वेतन वृद्धि और सेवा प्रगति प्रभावित हुई है.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लगातार आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से कोई सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. इसी कारण राज्य के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










