बेगूसराय डीएम ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
बैठक में निर्देश देते डीएम
Begusarai News : बेगूसराय में जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम ने 39 मंदिरों की चाहरदीवारी निर्माण के लिए एसडीओ को भूमि अनापत्ति प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी करने का निर्देश दिया है.
Begusarai News : जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
जनगणना कार्य में तेजी लाने का निर्देश
बैठक की शुरुआत भारत की जनगणना से जुड़े कार्यों की समीक्षा से हुई. जिला पदाधिकारी ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का कार्य तेज करने, सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों का संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
लोक शिकायत मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
लोक शिकायत निवारण अधिनियम एवं मुख्यमंत्री जन शिकायत कार्यक्रम के तहत पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 508 मामलों में से 122 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है तथा 60 दिनों से अधिक का कोई भी मामला लंबित नहीं है. जिला पदाधिकारी ने डैशबोर्ड पर लंबित सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उच्च न्यायालय के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
उच्च न्यायालय में लंबित सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने 115 लंबित सीडब्ल्यूजेसी मामलों में आवश्यक शपथपत्र प्राप्त कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिशपथपत्र दाखिल करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
विकास योजनाओं और जन्म-मृत्यु पंजीकरण की समीक्षा
विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंदिरों की चहारदीवारी निर्माण योजना के तहत चयनित 39 मंदिरों के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को भूमि अनापत्ति प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी करने का निर्देश दिया गया.
जन सांख्यिकी पंजीकरण की समीक्षा में बताया गया कि जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में 85,350 जन्म तथा 9,523 मृत्यु का पंजीकरण किया गया है. डीएम ने जन्म एवं मृत्यु का शत-प्रतिशत और समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया.
दिशा बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा
बैठक में विगत माह आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अनुपालन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
'दीदी की रसोई' और 'दीदी अधिकार केंद्र' के लिए उपलब्ध होंगे कक्ष
बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (जीविका) के तहत अनुमंडल कार्यालयों में 'दीदी की रसोई' तथा प्रखंड कार्यालय परिसरों में 'दीदी अधिकार केंद्र' के संचालन के लिए आवश्यकतानुसार कक्ष उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया.
हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा
9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. डीएम ने प्रभात फेरी, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों के छायाचित्र और प्रतिवेदन समय पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
Also Read : नवादा में बढ़ता ध्वनि प्रदूषण बना चिंता का विषय, प्रेशर हॉर्न और डीजे के शोर से लोग परेशान
लंबित नीलाम पत्र मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बैठक में नीलाम पत्र से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 का मिलान कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
Also Read : नवादा में अंचल कार्यालय परिसर से शिक्षक की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृजकिशोर चौधरी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) महेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन बेगूसराय, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के परिवार को चालकों ने दी 17.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





