बेगूसराय में भाकपा की पदयात्रा में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा, सरकार पर साधा निशाना

Updated:
विज्ञापन

पदयात्रा करते भाकपा कार्यकर्ता

Begusarai News : साहेबपुरकमाल में भाकपा ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पदयात्रा निकाली. महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जनता को किया जागरूक.

विज्ञापन

Begusarai News : सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी पदयात्रा कार्यक्रम के तहत साहेबपुरकमाल अंचल के विभिन्न गांवों में पदयात्रा निकाली गयी. पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य कॉ. ललिता कुमारी ने किया. इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया, सरकार की कथित विफलताओं को बताया और उनकी समस्याओं को सुना.

महिला सुरक्षा से लेकर रोजगार तक के मुद्दे उठाये

पदयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं का पलायन, शिक्षा, रोजगार, किसान-मजदूरों की समस्याएं, भ्रष्टाचार एवं सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाये गये. पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों से इन मुद्दों को लेकर संवाद किया और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष तेज करने की बात कही.

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना

पंचवीर चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाकपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व मुखिया ललिता कुमारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के शासन में देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है. बिहार में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद महिलाओं और बच्चियों के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय से लेकर राज्य सचिवालय तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है. सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी बदहाल है. इसके कारण गरीबों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जहां उनका आर्थिक शोषण होता है. उन्होंने सरकार से सरकारी अस्पतालों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की.

रोजगार के अभाव में पलायन कर रहे युवा

ललिता कुमारी ने कहा कि बिहार के नौजवान रोजगार के अभाव में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं. शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ठोस पहल कर राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार को ठोस नीति बनाकर प्रभावी तरीके से लागू करना चाहिए.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

भाकपा जिला परिषद सदस्य रामकुमार सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को अपने जायज काम के लिए भी बार-बार चक्कर लगाना पड़ता है. जमीन से जुड़े मामलों, दाखिल-खारिज सहित अन्य कार्यों में अनावश्यक विलंब और भ्रष्टाचार से गरीब एवं आम लोग परेशान हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित गरीबों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर व्यापक स्तर पर रिश्वतखोरी हो रही है. उन्होंने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मांग की.

1 सितंबर की दिल्ली रैली को सफल बनाने की अपील

भाकपा नेताओं ने कहा कि पार्टी 6 से 15 अगस्त तक गांव-गांव पदयात्रा के माध्यम से जनता के सवालों को उठाते हुए जनसंघर्ष को मजबूत कर रही है. उन्होंने लोगों से 1 सितंबर को आयोजित होने वाली दिल्ली रैली को सफल बनाने की अपील की.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण हुए शामिल

पदयात्रा कार्यक्रम में अंचल परिषद सदस्य गणेश चौधरी, भावेश कुमार, राधा देवी, लालपरी देवी, सीमा देवी, तारा देवी, मंजुला देवी, ममता देवी, संजुला देवी एवं सीता देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन