बेगूसराय में डिग्री कॉलेज जाने वाली सड़क पर जलजमाव से परेशानी, एबीवीपी ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

बीडीओ को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी कार्यकर्ता

Begusarai News : डंडारी डिग्री कॉलेज जाने वाली सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से छात्र परेशान. एबीवीपी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

Begusarai News : प्रखंड के बांक गांव स्थित डिग्री कॉलेज जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) डंडारी इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बीडीओ राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा. छात्र नेताओं ने प्रशासनिक उदासीनता पर रोष जताते हुए अविलंब नाला निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की.

जलजमाव से सड़क बनी गड्ढों में तब्दील

ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी उत्तर बिहार के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दयानिधान गिरी ने कहा कि बांक गांव स्थित डिग्री कॉलेज जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जलजमाव और कीचड़ की समस्या से जूझ रही है. इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक और स्थानीय ग्रामीण आवागमन करते हैं. जलजमाव के कारण सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. इससे आए दिन छात्र-छात्राएं और राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं.

कॉलेज पहुंचने में हो रही देरी, पढ़ाई प्रभावित

दयानिधान गिरी ने कहा कि सड़क पर पानी जमा रहने के कारण छात्र-छात्राएं समय पर कॉलेज नहीं पहुंच पाते हैं. इससे उनके पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इसके बावजूद इस समस्या के प्रति प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि गंभीर नहीं हैं. उन्होंने प्रशासन से इस संवेदनशील समस्या को तत्काल संज्ञान में लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा

बारिश में स्थिति और हो जाती है नारकीय

नगर मंत्री दिवेश कुमार एवं नगर सह मंत्री अनीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि छात्र हित और जनहित से जुड़ी इस बुनियादी समस्या की प्रशासनिक स्तर पर लगातार उपेक्षा की जा रही है. सामान्य दिनों में भी सड़क पर जलजमाव बना रहता है, जबकि बारिश के मौसम में स्थिति और भी नारकीय हो जाती है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कॉलेज जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो सकता है.

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

एबीवीपी कार्यकर्ता आकाशदीप कुमार एवं सुजीत कुमार ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि कॉलेज मार्ग की बदहाली को लेकर छात्र-छात्राओं और युवाओं में गहरा आक्रोश है. विद्यार्थी परिषद छात्रों की इस संवेदनशील समस्या पर चुप नहीं बैठेगी. यदि प्रखंड प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए नालों की तत्काल सफाई और सड़क मरम्मत का काम जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो एबीवीपी आंदोलन के साथ धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी.

बीडीओ ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बीडीओ राजेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा.

छात्र हित में त्वरित कार्रवाई की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड प्रशासन से छात्र हित को ध्यान में रखते हुए दिए गए आश्वासन पर बिना किसी विलंब के त्वरित कार्रवाई करने की मांग की. इस अवसर पर एबीवीपी के कई प्रमुख कार्यकर्ता, छात्र प्रतिनिधि एवं स्थानीय कॉलेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन