प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Updated:
विज्ञापन
प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप (पेज तीन)

बेगूसराय प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर जांच कर रहे हैं।

विज्ञापन

Begusarai News : सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी की खबर फैलते ही दोनों परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर आनन-फानन में प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को सील कर गहन जांच-पड़ताल की. सोमवार दोपहर करीब बारह बजे बेगूसराय की डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी ने अपना आधिकारिक इ-मेल चेक किया. मेल खोलते ही उनके होश उड़ गये. किसी अज्ञात आइडी से भेजे गये इस इ-मेल में स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गयी थी कि बेगूसराय प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस परिसर में बम लगा दिया गया है, जिसे किसी भी समय विस्फोट कर उड़ा दिया जायेगा. डाक अधीक्षक ने मामले की सूचना पुलिस को दी. तुरंत कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क किया. धमकी की खबर मिलते ही प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अपने आवश्यक कार्यों (जैसे डाक सेवा, बचत खाता, पासपोर्ट सत्यापन आदि) के लिए पहुंचे आमलोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी. सुरक्षाकर्मियों और डाक विभाग के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद कम समय में पूरे परिसर को सुरक्षित रूप से खाली करा लिया. एकाएक कार्यालय बंद होने और परिसर खाली कराए जाने से नागरिक भी दहशत में नजर आये. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्रधान डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस परिसर की घेराबंदी कर दी गयी है. घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ता पहुंच चुकी है. परिसर के कोने-कोने, संदिग्ध बैगों, पार्सल सेक्शन, काउंटर एरिया और पासपोर्ट केंद्र के हर कमरों की मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से बारीकी से तलाशी ली जा रही है. इस सनसनीखेज मामले को लेकर पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गयी है. जिस अज्ञात इ-मेल आइडी से डाक अधीक्षक को यह धमकी भरा संदेश भेजा गया है, उसके आइपी एड्रेस और सर्वर लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह किसी असामाजिक तत्व का खौफ पैदा करने वाला अफवाह) है. पुलिस प्रशासन ने आमलोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही पैनिक (दहशत) करें. पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और जल्द ही इस धमकी के पीछे के असामाजिक तत्वों के कुकृत्य का पर्दाफाश कर लिया जायेगा. फिलहाल सुरक्षा जांच जारी रहने तक डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय की सेवाएं बाधित है.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन