बेगूसराय में बेअसर रहा बिहार बंद, डीएम व एसपी लेते रहे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

Updated:
विज्ञापन
एनएच 31 पर प्रदर्शन करते छात्र युवा एनएच-31 पर पैदल फ्लैग मार्च करते डीएम-एसपी | Prabhat Khabar Network

एनएच 31 पर प्रदर्शन करते छात्र युवा एनएच-31 पर पैदल फ्लैग मार्च करते डीएम-एसपी | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में आइसा और आरवाईए द्वारा आहूत बिहार बंद का मिला-जुला असर देखा गया. सुबह के समय बाजारों में भीड़ कम थी, हालांकि दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं. ट्रैफिक चौक पर एनएच-31 लगभग एक घंटे तक बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने 8 छात्र-युवा नेताओं को हिरासत में लिया.

विज्ञापन

Begusarai News: आइसा और आरवाईए के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित बिहार बंद का बेगूसराय जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला. बंद की घोषणा के कारण सुबह के समय बाजारों और बस स्टैंडों पर आम दिनों की तुलना में भीड़ कम दिखी, लेकिन शहर की दुकानें और प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे. जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जहां डीएम श्रीकांत शास्त्री और एसपी मनीष कुमार खुद शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

ट्रैफिक चौक पर एक घंटे बाधित रहा एनएच-31

सुबह करीब 11 बजे कचहरी रोड स्थित कमलेश्वरी भवन से जुलूस निकालते हुए सैकड़ों छात्र-युवा ट्रैफिक चौक पहुंचे और सड़क जाम कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान एनएच-31 पर लगभग एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. स्थिति को देखते हुए एसपी मनीष कुमार और सदर एसडीएम अश्विनी कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर यातायात बहाल कराया.

आइसा व आरवाईए नेताओं समेत 8 गिरफ्तार

सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आइसा नेता अजय कुमार, सोनू फरनाज़, विशाल पासवान, अभिषेक आनंद, विक्की कुमार और आरवाईए नेता राम कुमार तांती, बीरू महतो तथा भीम आर्मी के संगम कुमार समेत 8 छात्र-युवा नेताओं को हिरासत में लेकर जीरोमाइल ओपी भेज दिया. प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया और दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, तैनात रही वाटर कैनन

बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए ट्रैफिक चौक, आंबेडकर चौक, पावर हाउस चौक और हरहर महादेव चौक पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. ट्रैफिक चौक पर सुरक्षा के लिहाज से वाटर कैनन और अग्निशमन दस्ते की भी तैनाती की गई थी. डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून-व्यवस्था हाथ में लेने या उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन