बेगूसराय: वीरपुर थानाध्यक्ष के व्यवहार से क्षुब्ध शिक्षक ने डीआईजी से की शिकायत, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

डीआइजी से गुहार लगाते शिक्षक | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के एक शिक्षक ने वीरपुर थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीआईजी से शिकायत की है. थानाध्यक्ष पर विपक्षी से मिलीभगत, रिश्वत मांगने और अमानवीय व्यवहार का आरोप है. पीड़ित ने न्याय न मिलने पर अनशन की चेतावनी दी है.
Begusarai News: बेगूसराय के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिंदपुर निवासी शिक्षक मो. आबिद ने शनिवार को डीआईजी से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपा है. उन्होंने वीरपुर थानाध्यक्ष पर पक्षपात और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए फर्जी काउंटर केस से मुक्ति दिलाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है. पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे अपने पूरे परिवार के साथ अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे.
आरोपितों से मिलीभगत और रिश्वत मांगने का आरोप
डीआईजी को दिए गए आवेदन में शिक्षक ने बताया कि उनके बड़े भाई मोहम्मद साबिर (टैक्सपेयर व्यवसायी) पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था और रंगदारी मांगी गई थी. इस संबंध में वीरपुर थाने में केस (कांड संख्या 113/26) दर्ज कराया गया था. आरोप है कि थानाध्यक्ष ने विपक्षी पक्ष से साठगांठ कर मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया और गंभीर धाराएं जोड़ने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की.
प्रतिवादी को बुलाकर दर्ज कराया काउंटर केस, गाली-गलौज का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टा आरोपितों को थाने बुलाकर उनके खिलाफ काउंटर केस (कांड संख्या 114/26) दर्ज करा दिया. शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने उनके दोनों भाइयों का मोबाइल फोन छीन लिया और उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में है.
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग
आवेदन में थाने में दलालों के हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए 23 जुलाई की घटना का उल्लेख किया गया है. पीड़ित ने निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर, थानाध्यक्ष के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और थाना परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच कराने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










