बेगूसराय में परीक्षा देने जा रही छात्रा और उसके 5 महीने के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत, देवर गंभीर

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 26 May 2026 5:37 PM

विज्ञापन

अस्पताल में परिजन

Begusarai News: बेगूसराय के मंझौल थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-55 पर सिउरी पुल के पास बस को ओवरटेक करने के दौरान एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी. इस हादसे में परीक्षा देने जा रही स्नातक की छात्रा सुमन कुमारी और उसके 5 महीने के बेटे हिमांशु राज की मौत हो गई, जबकि मृतका का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस केस दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश कर रही है

विज्ञापन

Begusarai News (विकाश मिश्रा): बेगूसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. स्टेट हाईवे-55 (SH-55) पर सिउरी पुल और कोरिया चौक के बीच मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही एक मां और उसकी गोद में मौजूद पांच माह के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस वक्त हुई जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को बेरहमी से कुचल दिया. इस भीषण टक्कर के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

हादसे में जान गंवाने वाली मृतका की पहचान चेरिया बरियारपुर निवासी दिलीप कुमार पंडित की 25 वर्षीय पत्नी सुमन कुमारी के रूप में की गई है. वहीं, मां की गोद में खेल रहे उसके पांच महीने के इकलौते बेटे हिमांशु राज की भी इस घटना में मौत हो गई. इस हादसे में बाइक चला रहा मृतका का देवर सौरभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

बस को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से कार ने मारी टक्कर, चालक फरार

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुमन कुमारी स्नातक (ग्रैजुएशन) पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी और मंगलवार को अपनी परीक्षा देने के लिए एसके महिला कॉलेज जा रही थी. वह अपने देवर सौरभ कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर चेरिया बरियारपुर से बेगूसराय शहर की ओर आ रही थी. इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक स्टेट हाईवे पर सिउरी पुल के समीप पहुंची, तभी आगे चल रही एक बस को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे. वारदात को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से तेजी से फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, फरार कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय मंझौल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मंझौल थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तीनों घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही सुमन कुमारी और उनके मासूम बेटे हिमांशु राज को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल सौरभ कुमार का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में जारी है.

बताया जाता है कि मृतका का पति दिलीप कुमार परदेस (दूसरे राज्य) में रहकर मजदूरी करता है. घर से परीक्षा देने निकली बहू और पोते की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मार्मिक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मंझौल थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार चालक की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन