बेगूसराय में प्रेम विवाह पर बवाल, पिता ने पहले जिंदा बेटी का किया श्राद्ध, फिर ससुराल में घुसकर सास को बेरहमी से पीटा

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 18 May 2026 7:31 PM

विज्ञापन

जिंदा बेटी का किया श्राद्ध करते पिता

Begusarai News: बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के सिंहमा गांव में अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने पहले अपनी जिंदा बेटी उजाला कुमारी (26) का दिल्ली में श्राद्धकर्म कर दिया और फिर 16 मई को परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पर धावा बोल दिया. लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस हमलावरों ने बेटी की सास उषा देवी और चाची सास के साथ बेरहमी से मारपीट की, उनके कपड़े फाड़े और सोने के जेवर लूट लिए. पुलिस ने पीड़िता उजाला के आवेदन पर पिता जगदीश महतो, चाचा दिनेश महतो व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Begusarai News(अंजन कुमार आकाश): जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहमा गांव से प्रेम विवाह, पारिवारिक हिंसा और टूटते सामाजिक रिश्तों की एक बेहद खौफनाक व दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है. यहाँ एक अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज पिता और परिजनों ने पहले तो अपनी जिंदा बेटी का दिल्ली में प्रतीकात्मक श्राद्धकर्म कर दिया, और उसके कुछ ही दिनों बाद हथियार व लाठी-डंडों से लैस होकर बेटी के ससुराल पर जानलेवा हमला बोल दिया. आरोप है कि हमलावरों ने बेटी की सास को सरेआम बेरहमी से पीटा, अभद्रता की और गहने लूटकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.

अंतरजातीय प्रेम विवाह बना विवाद की जड़, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ श्राद्ध

पीड़िता उजाला कुमारी (26 वर्ष) ने छौड़ाही थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. उजाला के अनुसार उसने बीते 26 अप्रैल को गांव के ही मुरारी कुमार के साथ अपनी इच्छा से बेगूसराय स्थित काली मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था. चूंकि दोनों अलग-अलग जाति से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए उजाला के माता-पिता और मायके वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. शादी के बाद जब उजाला अपने पति के साथ रहने लगी, तो उसके पिता और परिजनों ने परंपरा व समाज की दुहाई देते हुए उसे मृत मान लिया. परिजनों ने दिल्ली में बाकायदा हिंदू रीति-रिवाज से कर्मकांड कराया, रिश्तेदारों को मृत्युभोज पर बुलाया और उजाला की तस्वीर पर स्वर्गीय लिखकर उसका श्राद्ध कर दिया. इस श्राद्धकर्म की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.

शराब के नशे में ससुराल में धावा, महिलाओं को बेरहमी से पीटा

पीड़िता उजाला कुमारी ने आरोप लगाया कि श्राद्ध का नाटक रचने के बाद 16 मई की दोपहर करीब 1:00 बजे उसके मायके पक्ष के लोग एक सुनियोजित साजिश के तहत उसके ससुराल पहुंचे. उस वक्त घर के सभी पुरुष सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे.

आरोप है कि उजाला के पिता जगदीश महतो, चाचा दिनेश महतो, माता सुनैना देवी और उनके बेटों समेत कई लोग शराब के नशे में धुत होकर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुस गए. घर में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. जब घर की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं. उजाला की सास उषा देवी को बाल पकड़कर घर से बाहर घसीटा गया, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और जमीन पर पटककर लोहे की रॉड व डंडों से बेरहमी से पीटा गया. चीख-पुकार सुनकर जब चाची सास सरिता देवी बीच-बचाव करने दौड़ीं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट व अभद्रता की गई.

गहने छीने और दी धमकी, पहले बेटी का श्राद्ध किया, अब पूरे ससुराल का करेंगे

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, मायके वालों ने मारपीट के दौरान घर में जमकर लूटपाट भी की. हमलावरों ने लहूलुहान पड़ी सास उषा देवी के गले से सोने की चकती झपट ली, जबकि बीच-बचाव करने आई चाची सास के कान के सोने के टॉप्स व अन्य जेवर भी जबरन छीन लिए.

पीड़िता का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद जाते-जाते हमलावरों ने हवा में हथियार लहराते हुए खौफनाक धमकी दी कि अभी तो सिर्फ बेटी का श्राद्धकर्म किया है, जल्द ही पूरे ससुराल वालों का मृत्यु कर्म (हत्या) कर देंगे.

इधर, गांव में मचे शोर-शराबे को सुनकर जब आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, तो हमलावर मौके से फरार हो गए. ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112  पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल महिलाओं को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया.

दहशत में पीड़ित परिवार, मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस खौफनाक वारदात के बाद से उजाला का पूरा ससुराल पक्ष गहरे सदमे और दहशत में जीने को मजबूर है. परिवार की महिलाओं का डर के मारे घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो चुका है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. थाना सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि मारपीट, गहनों की लूटपाट और अभद्रता के दावों में कितनी सच्चाई है. गांव में जातीय और सामाजिक तनाव को देखते हुए पुलिस बल की पैनी नजर बनी हुई है.

Also Read: 24 घंटे में 25 गिरफ्तारी, नवादा पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन