बलिया नगर परिषद की समस्याओं को लेकर आक्रोश मार्च, नगर परिषद कार्यालय पर किया धरना

धरना पर बैठे स्थानीय
Begusarai News : बलिया नगर परिषद क्षेत्र की जनता सड़क, जलजमाव, आवास और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान है. स्थानीय लोगों ने एक दिवसीय आक्रोश मार्च और धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं.
Begusarai News : नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने एक दिवसीय आक्रोश मार्च एवं धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में शामिल लोग शक्तिचौड़ा मंदिर परिसर से मार्च निकालते हुए बलिया बाजार के रास्ते नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय परिसर में धरना दिया गया. धरना का नेतृत्व वार्ड पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अविनाश कुमार ने किया.
सड़क, जलजमाव, आवास और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं उठाईं
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालों की नियमित सफाई, जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभुकों को आवास उपलब्ध कराने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नल-जल योजना में व्यापक सुधार तथा बाजार क्षेत्र में बढ़ती जाम की समस्या के समाधान की मांग उठाई.
कार्यपालक पदाधिकारी ने सौंपे गए मांग-पत्र पर कार्रवाई का दिया आश्वासन
धरना स्थल पर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी अनीशा कुमारी स्वयं पहुंचीं और आंदोलनकारियों से वार्ता की. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से मांग-पत्र प्राप्त करते हुए कहा कि सभी मांगों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी. प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया.
'मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं नगरवासी'
धरना को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार प्रसाद ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान है. कई बार प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो सका है. वहीं सामाजिक कार्यकर्ता जावेद अख्तर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो जनता के सहयोग से इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नगरवासी रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में वार्ड पार्षद करण कुमार, अमित कुमार, सैफ आलम, विकास कुमार, शिव नारायण शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता नीतीश कुमार, पियूष कुमार, निरंजन कुमार, आफाक आलम, बलमंत कुमार गांधी, मिथलेश कुमार, बिट्टू कुमार, कुणाल कुमार, जयंत कुमार, विशाल कुमार, इरशाद, विक्की, मो. आमिर, धीरज कुमार, आयुष कुमार, देवव्रत सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










