किसान के बेटे अभिषेक ने नीट-यूजी में हासिल की शानदार सफलता, 583 अंक और ऑल इंडिया रैंक 16610 से बढ़ाया जिले का मान

छौड़ाही के इजराहा में नीट के सफल छात्र को बधाई देते स्थानीय नेता और मिठाई खिलाती माता
Begusarai News : बेगूसराय के शिवनगर गांव के अभिषेक कुमार ने NEET-UG में 583 अंक प्राप्त कर 16610 की ऑल इंडिया रैंक हासिल की है. सीमित संसाधनों में मेहनत और अनुशासन से मिली इस सफलता ने पूरे गांव को गौरवान्वित किया है.
Begusarai News : प्रखंड अंतर्गत सावंत पंचायत के शिवनगर गांव के किसान पुत्र अभिषेक कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 583 अंक प्राप्त किए हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 16610 हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव, पंचायत, प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है. सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया और लोगों ने अभिषेक तथा उनके परिवार को बधाई दी.
सीमित संसाधनों में मेहनत और अनुशासन से हासिल की सफलता
अभिषेक कुमार के पिता सुनील कुमार किसान हैं, जबकि माता मंजू कुमारी गृहिणी हैं. उनके दादा राम चरित्र महतो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं. साधारण ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े अभिषेक ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है. उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो मेडिकल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.
परिवार और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा, गुरुजनों और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार का निरंतर सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा. उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और लगातार अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया.
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, बताया क्षेत्र का गौरव
अभिषेक की सफलता पर बीस सूत्री अध्यक्ष राम नरेश आजाद, बीस सूत्री सदस्य डॉ. उमेश महतो, पूर्व प्रखंड प्रमुख सतीश कुशवाहा, मुखिया प्रतिनिधि संजय पासवान, मुखिया काजल कुमारी तथा जिला परिषद सदस्य प्रेमलता कुमारी ने संयुक्त रूप से बधाई दी. उन्होंने कहा कि अभिषेक ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता का प्रमाण है और इससे क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने अभिषेक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे.
गांव में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
अभिषेक कुमार की सफलता से शिवनगर सहित आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत की जाए तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. लोगों ने उम्मीद जताई कि अभिषेक आगे भी अपनी प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को छुएंगे और अपने क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन करेंगे.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










