बेगूसराय: बछवाड़ा में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में पंखे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के शव को देखते ग्रामीण व ले जाती पुलिस
बछवाड़ा क्षेत्र के गोनूचक गांव में 22 वर्षीय प्रिंस कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. खाना खाने के लिए जगाने गई मां ने पंखे से उसका शव लटका पाया. परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई है.
Bachhwara News: बछवाड़ा थाना क्षेत्र की फतेहा पंचायत अंतर्गत गोनूचक गांव के वार्ड 11 में मंगलवार दोपहर करीब 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान विजय पंडित के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
आपके शहर में
खाना खाने के लिए जगाने गयी मां तो पंखे से लटका मिला शव
मृतक की मां के अनुसार, प्रिंस दोपहर में अपने कमरे में सो रहा था. जब वह उसे खाना खाने के लिए जगाने गयीं तो कमरे में उसका शव पंखे से लटका देखा. मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारा. इसके बाद घटना की सूचना बछवाड़ा थाना पुलिस को दी गयी.
पिता 15 साल पहले घर छोड़कर चले गये थे
ग्रामीणों के अनुसार, प्रिंस के पिता करीब 15 वर्ष पहले घर छोड़कर चले गये थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे. प्रिंस और उसके भाइयों की देखभाल चाचा और दादा कर रहे थे. पिछले वर्ष दादा का भी निधन हो गया था. प्रिंस चार भाइयों में सबसे बड़ा था और निजी जगह पर मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था.
आत्महत्या के कारणों को लेकर ग्रामीणों में चर्चा
घटना के कारणों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कुछ ग्रामीणों ने युवक के प्रेम प्रसंग को लेकर तनाव में होने की बात कही है, जबकि कुछ लोगों के अनुसार प्रिंस को अक्सर मिर्गी के दौरे पड़ते थे. ग्रामीणों के मुताबिक, दौरे के दौरान वह अचानक गिर जाता था और पूर्व में उसका हाथ भी कट गया था. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए