बेगूसराय में लू से बचाव के लिए स्कूलों में आयोजित हुआ सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम, बच्चों को दी गई कई अहम जानकारी

सुरक्षित शनिवार के तहत बच्चों को लू से खतरे एवं बचाव की जानकारी दी गई
Begusarai News: नावकोठी के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत बच्चों को लू के खतरे, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा सतर्क रहने का संदेश दिया गया.
Begusarai News: (एस.एम. बेग की रिपोर्ट) मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान फोकल शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को लू (हीट वेव) से होने वाले खतरे तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
लू लगने के लक्षणों से कराया अवगत
शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि लू लगने पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस (104 डिग्री फारेनहाइट) से अधिक हो सकता है. ऐसी स्थिति में शरीर से पसीना आना बंद हो जाता है, त्वचा गर्म हो जाती है तथा मितली, उल्टी और शरीर में तेज दर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं. उल्टी के कारण शरीर में सोडियम और पोटेशियम का संतुलन भी बिगड़ सकता है. कमजोर प्रतिरक्षा क्षमता वाले लोगों के बेहोश होने की आशंका भी रहती है.
पानी पीने और शरीर को ठंडा रखने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने तथा हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई. शिक्षकों ने बताया कि लू के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे मस्तिष्क, हृदय और अन्य महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं.
धूप से बचाव के लिए अपनाएं सावधानियां
बच्चों को धूप में निकलते समय सिर ढंकने, छाते का उपयोग करने, ठंडा पानी पीने तथा ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई. साथ ही मसालेदार और अधिक चिकनाईयुक्त भोजन से परहेज करने के लिए भी जागरूक किया गया.
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
इस अवसर पर हेडमास्टर संजीत कुमार महतो, ललन कुमार, अशोक कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार, सुनील कुमार, शंभू महतो, प्रियरंजन कुमार, मनटुन महतो, रणधीर कुमार सहित अन्य फोकल शिक्षक-शिक्षिकाएं, बाल प्रेरक, मीना मंच के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










