बेगूसराय में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात लेकर जा रही स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में 4 युवकों की मौत

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन
मृतक ऋषभ कुमार, सन्नी कुमार, हिमांशु कुमार की फाइल फोटो

मृतक ऋषभ कुमार, सन्नी कुमार, हिमांशु कुमार की फाइल फोटो

Begusarai News: बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र में बारात लेकर जा रही स्कॉर्पियो की दूसरी स्कॉर्पियो से आमने-सामने की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. हादसे के बाद राटन और पोखरिया गांव में मातम पसर गया.

विज्ञापन

बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News:
बेगूसराय में रविवार की रात जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के समीप एनएच-31 फोरलेन पर दो स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि बारात में शामिल पांच लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, बखरी थाना क्षेत्र के राटन गांव (वार्ड संख्या-5) निवासी राजकुमार पासवान के पुत्र सोनू कुमार की बारात रविवार रात सिंघौल के विनोदपुर जा रही थी. रात करीब साढ़े दस बजे बारात कई वाहनों से रवाना हुई थी. अधिकांश वाहन सुरक्षित विवाह स्थल पहुंच गए, लेकिन एक स्कॉर्पियो पीछे रह गई, जो अंग्रेजी ढाला के समीप केशावे स्थित नेक्सा शोरूम के पास दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से सीधे टकरा गई.

पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में बारात वाली स्कॉर्पियो के चालक खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के रानी शकरपुरा निवासी 22 वर्षीय राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इसके अलावा बारात में शामिल विकास कुमार, ज्योतिष कुमार, प्रियांशु कुमार, प्रिंस कुमारी और लक्ष्मण पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें विकास कुमार और लक्ष्मण पासवान के सिर में गहरी चोटें आई हैं, जिनका इलाज बेगूसराय के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी है.

दोस्त का जन्मदिन मनाकर सिमरिया जा रहे थे युवक

हादसे का दूसरा सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि दूसरी स्कॉर्पियो में सवार पोखरिया निवासी ऋषभ कुमार (24 वर्ष), सन्नी कुमार (24 वर्ष) और हिमांशु कुमार (22 वर्ष) की भी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये सभी दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद देर रात सिमरिया गंगा स्नान के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. मृतक ऋषभ कुमार एसबीएस कॉलेज में बीए पार्ट-वन का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था. वहीं सन्नी कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और एक्साइज थाना में निजी वाहन चालक के रूप में कार्यरत था. इन दोनों की असमय मौत से पूरे पोखरिया मोहल्ले के निवासियों की आंखें नम हैं.

दोनों गाड़ियों की रफ्तार थी 100 किलोमीटर से अधिक

इधर, जैसे ही दुर्घटना की भीषण सूचना राटन गांव पहुंची, वैसे ही शादी वाले घर की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं. बारात में गए लोगों के परिजन अपनों की तलाश में बदहवास होकर इधर-उधर दौड़ने लगे, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय दोनों वाहनों की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके कारण गाड़ियां असंतुलित होकर आपस में टकरा गईं. सिंघौल थाना पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना ही इस भीषण दुर्घटना की मुख्य वजह है और मामले की कानूनी जांच जारी है.

Also Read: बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, दो स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन