बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, दो स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत

Updated:
विज्ञापन
Begusarai Road Accident News

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की तस्वीर

Begusarai Road Accident News: बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai Road Accident News : जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के समीप एनएच-31 पर दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों पर सवार 9 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी हिमांशु कुमार, सनी कुमार और ऋषभ कुमार के रूप में हुई है.

भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो के उड़ गए परखच्चे

वहीं इसी स्कॉर्पियो में सवार रूपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, पोखरिया के छह युवक स्कॉर्पियो से सिमरिया गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे. स्नान के बाद जन्मदिन मनाने की भी योजना थी.लेकिन अंग्रेजी ढाला के पास सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

अस्पताल के बाहर लगी लोगों की भीड़

दूसरे स्कॉर्पियो चालक राजा कुमार की मौत की सूचना, पुलिस ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि

दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर बारात लेकर जा रही थी. इस वाहन पर सवार विकास कुमार, राजा कुमार, प्रियांशु कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रिंस कुमार और ज्योतिष कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. हादसे की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भेजा. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दूसरे स्कॉर्पियो पर सवार नौ लोगों के घायल होने की सूचना है. जिसमें से स्कॉर्पियो चालक राजा कुमार की मौत हो गई. राजा परिहारा थाना क्षेत्र के राटन गांव का रहने वाला था. परिजन उसकी लाश को लेकर घर लेकर चल जाने की बात कही जा रही है. हालांकि राजा के मौत मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे गंभीर सवाल

दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इधर,तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक का माहौल है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की दर्दनाक तस्वीर सामने लाता है.

NH-31 हादसे पर गन्ना उद्योग मंत्री ने व्यक्त की संवेदना

भीषण सड़क दुर्घटना को लेकर बखरी विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में चार युवाओं की असामयिक मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है. मंत्री ने दिवंगत खगड़िया जिला के रानी शकरपुरा राजा कुमार, ऋषभ कुमार (पोखरिया), हिमांशु कुमार (पोखरिया) और सन्नी कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने दुर्घटना में घायल बखरी के राटन निवासी प्रिंस कुमारी, विकास कुमार, ज्योतिष कुमार,प्रियांशु कुमार,लक्ष्मण पासवान एवं बेगूसराय के रवि कुमार,करण कुमार और रूपेश कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

मंत्री संजय कुमार ने सरकार से तत्काल राहत देने की अपील की

मंत्री ने कहा कि सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए. संजय कुमार ने जिला प्रशासन से अपील की कि सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मृतकों के परिजनों और घायलों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा एवं हरसंभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें.

Also Read : केनरा बैंक मैनेजर की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बेगूसराय पहुंचते ही पत्नी और बेटे की हालत देख भावुक हुए लोग

विज्ञापन
Yuvraj Ratan

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन