मेघौल के अमर शहीद राधा प्रसाद सिंह और रामजीवन झा को श्रद्धांजलि, शहादत दिवस पर याद किया बलिदान
कार्यक्रम की तस्वीर
Begusarai News : मेघौल में स्वतंत्रता सेनानी राधा प्रसाद सिंह और राम जीवन झा के शहादत दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित, लोगों ने शहीदों को नमन कर दी श्रद्धांजलि।
Begusarai News : स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मेघौल गांव के अमर शहीद राधा प्रसाद सिंह एवं रामजीवन झा की शहादत को सोमवार को श्रद्धापूर्वक याद किया गया. शहीद राधा-जीवन स्मारक स्थल, मेघौल में आयोजित शहादत दिवस समारोह में लोगों ने दोनों अमर शहीदों की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान देश की आजादी के लिए उनके योगदान और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया.
आपके शहर में
अमर शहीदों की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
कार्यक्रम में चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजवंशी महतो, पूर्व प्रत्याशी व जन सुराज पार्टी के नेता डॉ. मृत्युंजय कुमार, विक्रमपुर पंचायत के मुखिया रमेश प्रसाद सिंह, समाजसेवी रामकृष्ण, संतोष कुमार ईश्वर, जयदेव कुमार सिन्टु, सेवानिवृत्त शिक्षक नरेंद्र प्रसाद सैनी, रामकृष्ण पोद्दार एवं शहीद कुमार सहित अन्य अतिथियों ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.

शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए मेघौल के वीर सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उनके त्याग और संघर्ष से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए. देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के लिए शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करना जरूरी है. समारोह में आगत अतिथियों को पाग एवं चादर भेंटकर सम्मानित किया गया.
'शिक्षा बचाओ : प्रासंगिकता एवं चुनौतियां' पर परिचर्चा
शहीद राधा-जीवन स्मृति मंच के तत्वावधान में 'शिक्षा बचाओ : प्रासंगिकता एवं चुनौतियां' विषय पर परिचर्चा आयोजित की गयी. इसमें वक्ताओं ने वर्तमान समय में शिक्षा की भूमिका, इससे जुड़ी चुनौतियों और समाज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर अपने विचार रखे. वक्ताओं ने शिक्षा को सामाजिक विकास और जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया.
सुनील कुमार सिंह ने की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक सुनील कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन अरुण कुमार मिश्रा ने किया. धन्यवाद ज्ञापन शहीद कुमार ने किया. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
24 अगस्त 1942 को शहीद हुए थे दोनों वीर सपूत
बताते चलें कि अगस्त क्रांति आंदोलन के दौरान 24 अगस्त 1942 को अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए मेघौल गांव के राधा प्रसाद सिंह एवं रामजीवन झा अंग्रेजों की गोली का शिकार होकर शहीद हो गये थे. उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष शहादत दिवस मनाकर क्षेत्रवासी दोनों अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हैं.
Also Read : बेगूसराय में तीन दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का नहीं मिला सुराग, डॉग स्क्वायड ने भी की तलाश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए