बेगूसराय में गैस चूल्हा और जेवर साफ करने का झांसा देकर ठगी की कोशिश, दो संदिग्ध हिरासत में
आरोपित को भीड़ से बचाती पुलिस | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : मंझौल में जेवर चमकाने के बहाने ठगी करने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सतर्क रहें और अनजान लोगों से सावधान रहें.
Begusarai News : मंझौल अनुमंडल क्षेत्र में ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है. गैस चूल्हा रिपेयरिंग और सोना-चांदी के आभूषण साफ करने का झांसा देकर घर में घुसना और बुजुर्ग महिलाओं के जेवर लेकर भागने का प्रयास करने का मामला सामने आया है. घटना खांजहांपुर पंचायत के वार्ड-8 और श्रीपुर पंचायत के वार्ड-1 की बतायी जा रही है. मामले के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत के साथ सतर्कता भी बढ़ गयी है.
आपके शहर में
मिस्त्री बनकर गांव में घूम रहे थे युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो दिनों से 2-3 युवक खुद को मिस्त्री बताकर गांव में घूम रहे थे. युवक महिलाओं से कहते थे कि वे केमिकल के जरिए पुराने सोना-चांदी के आभूषणों को चमका सकते हैं. इसी बहाने वे घरों में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे. आरोप है कि इसी क्रम में युवक एक अकेली बुजुर्ग महिला के घर पहुंच गये.
हार साफ करने के बहाने उतरवाया, भागने लगे
बताया जाता है कि युवकों ने बुजुर्ग महिला के गले में पहने सोने के हार को साफ करने की बात कही. महिला से हार उतरवाने के बाद उसे लेकर भागने का प्रयास किया गया. इस दौरान बुजुर्ग महिला ने शोर मचा दिया. महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और युवकों को घेर लिया.
ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़ा
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य संदिग्ध को भी बाद में पकड़ लिया गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर दी. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी.
Also Read : बेगूसराय में तीन दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का नहीं मिला सुराग, डॉग स्क्वायड ने भी की तलाश
डायल-112 और पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और चेरियाबरियारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों संदिग्धों को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में लिया और थाने ले गयी. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और गांव में आने के मकसद की जानकारी जुटायी जा रही है.
अनजान मिस्त्री और फेरीवालों से सावधान रहने की अपील
घटना के बाद गांव में लोगों के बीच दहशत के साथ सतर्कता भी बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने लोगों से अनजान फेरीवालों और मिस्त्रियों से सावधान रहने की अपील की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश देने से पहले उसकी पहचान और उसके आने के उद्देश्य की पूरी जानकारी लेना जरूरी है.
Also Read : महंगाई और छात्र-नौजवानों पर हमले के खिलाफ बेगूसराय में भाकपा ने किया पुतला दहन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए