बेगूसराय में जिप अध्यक्ष समेत पार्षदों का धरना चौथे दिन भी जारी, मांगें पूरी होने तक आंदोलन की चेतावनी
धरना पर बैठे जिप अध्यक्ष व अन्य पार्षद | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : बेगूसराय में जिप अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी। डीडीसी पर अपमानित करने और वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
Begusarai News : बेगूसराय जिला परिषद अध्यक्ष समेत पार्षदों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा. इस दौरान धरने पर बैठे अध्यक्ष एवं अन्य पार्षदों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की. पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा.
आपके शहर में
जिप अध्यक्ष ने डीडीसी पर लगाया अपमानित करने का आरोप
धरना स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने डीडीसी आकाश चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि डीडीसी उन्हें दलित अध्यक्ष समझकर लगातार अपमानित करते रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि डीडीसी ने ही जिला परिषद के सदस्यों को उनके खिलाफ हाईकोर्ट भेजने का काम किया. उन्होंने कहा कि यदि हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली होती, तो आज वह जिला परिषद अध्यक्ष के पद पर नहीं होते.
जिप अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं को कमीशन लेकर बेच दिया और उल्टे उनके ऊपर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है. उन्होंने सरकार से डीडीसी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने तथा उन्हें जल्द बेगूसराय से हटाने की मांग की.
8 करोड़ की राशि सात पार्षदों के क्षेत्र में देने का आरोप
सुरेंद्र पासवान ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य वित्त आयोग से मिली 8 करोड़ रुपये की राशि को डीडीसी ने बिना जिला परिषद बोर्ड या अध्यक्ष की स्वीकृति के सात पार्षदों के क्षेत्र में योजनाओं के लिए कैसे आवंटित कर दिया. उन्होंने मांग की कि उक्त राशि को 35 पार्षदों के क्षेत्रों में बराबर-बराबर बांटा जाए. उन्होंने कहा कि उनकी यह मांग पूरी होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि धरने का चौथा दिन है, लेकिन डीडीसी न तो उनसे मिलने आए और न ही किसी कर्मी को भेजकर उनकी सुध ली. उन्होंने सवाल उठाया कि 8 करोड़ रुपये की योजना को जिला परिषद बोर्ड से स्वीकृति लिए बिना कैसे आवंटित किया गया.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
ढाई करोड़ की योजना लेने का आरोप बताया निराधार
अपनी योजनाओं को लेकर पत्रकारों के सवाल पर जिप अध्यक्ष ने कहा कि कुछ पार्षदों द्वारा उनके क्षेत्र में अकेले ढाई करोड़ रुपये की योजना लेने का आरोप लगाया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार और गलत है. उन्होंने बताया कि 8 जनवरी 2026 को उन्होंने 14 योजनाओं को बदलने के लिए डीडीसी को पत्र दिया था.
'डीडीसी की मनमानी के खिलाफ धरने पर बैठे हैं'
जिला परिषद सदस्य अमित देव ने कहा कि वे लोग अध्यक्ष के साथ डीडीसी के मनमाने रवैये के खिलाफ धरने पर बैठे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी जाति के विरोध में नहीं है.
अन्य पार्षदों ने भी कार्रवाई की मांग की
जिप सदस्य किरण कुमारी ने कहा कि दलित जिप अध्यक्ष, महादलित जिप सदस्या, अति पिछड़ा एवं पिछड़ा वर्ग के पार्षदों को भी डीडीसी द्वारा अपमानित किया जाता है. उन्होंने सरकार से डीडीसी के खिलाफ जांच कराने और उन्हें जल्द बेगूसराय से हटाने की मांग की.
प्रेस वार्ता में ये पार्षद रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिप अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान के अलावा जिप सदस्य अमित कुमार देव, नीतीश कुमार, मनमोहन महतो, शिल्पी कुमारी, निरुपमा कुमारी, किरण कुमारी एवं पुष्पा कुमारी मौजूद थीं.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए