मानदेय भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का धरना-प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान सेविका
Begusarai News : बछवाड़ा में आंगनवाड़ी सेविकाओं ने मानदेय और अन्य मांगों को लेकर बाल विकास परियोजना कार्यालय के समक्ष धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
Begusarai News : बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के समक्ष गुरुवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान विभिन्न पंचायतों की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं. सेविकाओं ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बिहार राज्य आंगनबाड़ी संयुक्त कर्मचारी यूनियन के बैनर तले हुआ प्रदर्शन
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार राज्य आंगनबाड़ी संयुक्त कर्मचारी यूनियन की जिला महासचिव संगीता झा ने किया. उन्होंने सेविकाओं की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं को वर्तमान में 9 हजार रुपये मानदेय मिलता है, जिसमें केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से 4500-4500 रुपये की राशि शामिल है.
Also Read : पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन पहुंचे एमएलसी संजय कुमार सिंह, प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
छह माह से मानदेय नहीं मिलने का आरोप
संगीता झा ने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से आंगनबाड़ी सेविकाओं को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से विभिन्न कार्य मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन कराये जा रहे हैं, लेकिन मोबाइल रिचार्ज के लिए अलग से कोई राशि उपलब्ध नहीं करायी जा रही है.
एलपीजी गैस की राशि नहीं मिलने से पोषाहार बनाने में परेशानी
सेविकाओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन पोषाहार तैयार करने के लिए एलपीजी गैस की राशि विभाग की ओर से नहीं दी जा रही है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में पदाधिकारियों से मांग करने पर राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है. ऐसे में केंद्रों का संचालन और बच्चों के लिए पोषाहार तैयार करना मुश्किल हो रहा है.
अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम के लिए भी अलग से राशि नहीं
धरना में शामिल सेविकाओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रत्येक माह अन्नप्राशन और गोद भराई जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं, लेकिन इसके लिए वर्तमान में विभाग की ओर से अलग से कोई राशि उपलब्ध नहीं करायी जा रही है. इससे सेविकाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.
Also Read : औरंगाबाद के ओबरा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, विद्युत कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
सेविकाओं ने कहा कि वे लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रही हैं और अपनी मांगों के समाधान के लिए लगातार आवाज उठा रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
बड़ी संख्या में सेविकाएं रहीं मौजूद
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष पूनम कुमारी, सचिव स्वदेश कुमारी, सेविका किरण कुमारी, सुनैना कुमारी, सीता कुमारी, सुदामा कुमारी, माधुरी कुमारी, सोनी कुमारी, सुजाता सुमन, रीना कुमारी, संजू कुमारी, भवानी कुमारी और आशा कुमारी समेत विभिन्न पंचायतों की आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद थीं.
Also Read : औरंगाबाद में जमीन निबंधन व्यवस्था हुई पेपरलेस, 17 अगस्त से दाउदनगर में भी लागू होगी डिजिटल प्रणाली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By डबलू कुमार
डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









