बेगूसराय में सर्पदंश से 10 वर्षीय बालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

घटना के खोदावंदपुर थाना पहुंचे परिजन | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सर्पदंश से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत पंचायत अंतर्गत मटिहानी गांव में सर्पदंश से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान पछियारी टोला के वार्ड 18 निवासी उपेंद्र दास के 10 वर्षीय पुत्र राधे कुमार उर्फ ललित दास के रूप में हुई है.
रात में सोते समय विषैले सांप ने डंसा
परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात राधे कुमार अपने घर में सोया हुआ था. देर रात किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया. कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खोदावंदपुर ले गए. सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया.
परिजन उसे एंबुलेंस से बेगूसराय ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.
राधे कुमार अपने माता-पिता की सबसे छोटी संतान था. वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था. उसकी असामयिक मौत से पिता उपेंद्र दास, मां रीता देवी, बड़े भाई अमित दास, कन्हैया कुमार तथा बहन पिंकी देवी और गीता कुमारी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
सामाजिक कार्यकर्ता ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता जयदेव कुमार 'सिंटू' ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने बालक की असामयिक मृत्यु पर शोक जताते हुए कहा कि वे इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ हैं. साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा सर्पदंश से मृत्यु पर मिलने वाली निर्धारित अनुग्रह अनुदान सहायता राशि दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
Also Read: बेगूसराय: बलिया में लगातार बारिश से शहर से गांव तक जलजमाव, सड़कें बनीं तालाब, जनजीवन बेहाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










