शंभुगंज में पुलिया के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; पांच दिन पहले ही जेल से लौटा था

Updated:
विज्ञापन
मृतक युवक का फाइल फोटो एवं रोते बिलखते परिजनों का | Prabhat Khabar Network

मृतक युवक का फाइल फोटो एवं रोते बिलखते परिजनों का | Prabhat Khabar Network

शंभुगंज के करसोप गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक पांच दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था. ग्रामीणों और परिजनों को हत्या की आशंका है.

विज्ञापन

Suspicious Death: शंभुगंज (बांका). थाना क्षेत्र के करसोप गांव स्थित चैती दुर्गा मंदिर के समीप पुलिया के नीचे मंगलवार की देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान केहनीचक गांव निवासी अजय कुमार के 28 वर्षीय पुत्र जीतू कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही शंभुगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.

ग्रामीणों ने दी थी परिजनों को सूचना

मृतक के पिता अजय कुमार और मां नीरा देवी ने बताया कि मंगलवार देर शाम ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनका पुत्र पुलिया के समीप पानी भरे गड्ढे में गिरा पड़ा है. सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से जीतू कुमार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जतायी है.

पांच दिन पहले ही जेल से लौटा था

ग्रामीणों के अनुसार जीतू कुमार खपड़ा निवासी सिक्का डॉन हत्याकांड में आरोपित था और हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा होकर घर लौटा था. बताया जा रहा है कि जेल से लौटने के बाद भी उसका व्यवहार पहले जैसा ही था. ग्रामीणों का दावा है कि वह नशे का आदी था और राह चलते लोगों से गाली-गलौज करता था.

मारपीट के बाद हत्या की आशंका

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटना की शाम जीतू अपने तीन साथियों के साथ कहीं मुर्गा पार्टी कर रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया. आशंका जताई जा रही है कि मारपीट में लगी अंदरूनी चोटों से उसकी मौत हो गई और बाद में शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया. हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पहले भी कई मामलों में रहा था आरोपित

ग्रामीणों के अनुसार सिक्का डॉन हत्याकांड से पहले भी जीतू कुमार एक कपड़ा व्यवसायी से हथियार के बल पर लूटपाट के मामले में जेल जा चुका था. इसके अलावा बाजार में हुई गोलीबारी की एक घटना में भी उसका नाम सामने आया था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

Suspicious Death: थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन