श्रावणी मेला : धनकुंडनाथ धाम में युद्धस्तर पर चल रहीं तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस

Author Pradeep Kumar|Edited by Amit Kr Sinha
Updated:
विज्ञापन
साफ सफाई करते कर्मचारी | Prabhat Khabar Network

साफ सफाई करते कर्मचारी | Prabhat Khabar Network

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला को लेकर बांका के धनकुंड नाथ शिव मंदिर में साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला को लेकर धोरैया प्रखंड अंतर्गत अवस्थित धनकुंडनाथ शिव मंदिर में साफ-सफाई से लेकर सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बीडीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में प्रखंड प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करा रहा है. मंदिर परिसर, तालाब और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मेले के दौरान आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस

प्रखंड प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग तथा कंट्रोल रूम की विशेष व्यवस्था की गई है. प्रशासन का कहना है कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को समय पर पूरा किया जा रहा है.

युद्धस्तर पर चल रहा सफाई अभियान

स्वच्छता पर्यवेक्षक सौरभ कुमार की देखरेख में उनकी टीम मंदिर परिसर, तालाब और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई में जुटी हुई है. तालाब के पानी की सफाई, घाटों की धुलाई, कचरा निष्पादन तथा बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है. साथ ही परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की भी मरम्मत कर उन्हें सुचारु बनाया गया है, ताकि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे.

पेयजल सुविधा के लिए लगाया जा रहा वॉटर कूलर

बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि मुखिया एवं पंचायत सचिव के स्तर पर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. पंचायत समिति मद से मंदिर परिसर में एक वॉटर कूलर स्थापित किया जा रहा है, जिससे कांवरियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा सके. प्रशासन का उद्देश्य है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को हर आवश्यक सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो.

मंदिर समिति भी निभा रही सक्रिय भूमिका

तैयारियों में मंदिर समिति भी प्रशासन का पूरा सहयोग कर रही है. इस दौरान मंदिर समिति के प्रदीप भगत, दिलीप सिंह, नंदकिशोर कुमार सहित स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष धनकुंडनाथ शिव मंदिर में श्रावणी मेले का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न होगा.


विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन