गुरु पूर्णिमा पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, भोलेनाथ के जलाभिषेक संग गुरु वंदना, कटोरिया में गूंजे भक्ति के जयघोष

Updated:
विज्ञापन
गुरु पूर्णिमा की सांकेतिक तस्वीर.

गुरु पूर्णिमा की सांकेतिक तस्वीर.

Guru Purnima : कटोरिया में गुरु पूर्णिमा पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्तों ने भोलेनाथ की पूजा कर गुरुजनों का आशीर्वाद लिया. पूरा क्षेत्र भक्तिमय रहा.

विज्ञापन

Guru Purnima : आषाढ़ पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को पूरे कटोरिया प्रखंड में गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई गई. सुबह से ही क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों और ठाकुरबाड़ियों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की.

प्रमुख शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कटोरिया बाजार स्थित थाना रोड ठाकुरबाड़ी, कठौन शिव मंदिर, कांवरिया धर्मशाला के बाबा कामेश्वर धाम, पिंड़रा पहाड़ स्थित बाबा पहाड़नाथ शिव मंदिर, जमदाहा, जयपुर, सुढियाझाझा, लालपुर, भैरोगंज, सुईया, तेतरिया, चांदन सहित आसपास के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से दोपहर तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. कई मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं.

बेलपत्र, गंगाजल और पंचामृत से हुआ जलाभिषेक

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, अक्षत, दूध, दही, मधु, घी, नैवेद्य, पान, सुपारी, जनेऊ और गुलाल अर्पित कर विधिवत जलाभिषेक किया. मंदिर परिसरों में मंत्रोच्चार, घंटियों की गूंज और आरती से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा.

गुरुजनों का लिया आशीर्वाद

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व को नमन किया. कई स्थानों पर गुरु वंदना के कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जहां श्रद्धालुओं ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की.

भक्ति और अनुशासन का दिखा अनूठा संगम

दिनभर मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और आरती का सिलसिला चलता रहा. श्रद्धालुओं का मानना है कि गुरु पूर्णिमा के दिन भगवान शिव की आराधना और गुरुजनों का सम्मान करने से जीवन में ज्ञान, सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन