आज हमारा अधिकांश जीवन इंटरनेट, स्मार्टफोन, एआइ, सोशल मीडिया और डिजिटल सेवाओं के इर्द-गिर्द घूमता है. शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, न्याय, शासन, व्यापार और सामाजिक संवाद समेत जीवन का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जो डिजिटल माध्यमों से अछूता हो. डिजिटल क्रांति ने जहां अवसरों के नये द्वार खोले हैं, वहीं इसने मानव गरिमा के समक्ष नयी चुनौतियां भी प्रस्तुत की हैं. ऐसे समय में 'डिजिटल गरिमा' का विचार केवल नैतिक या सामाजिक विमर्श नहीं, संवैधानिक, विधिक और मानवाधिकार का एक महत्वपूर्ण प्रश्न बन चुका है. भारतीय संविधान का अनुच्छेद 21, प्रत्येक व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार देता है. समय के साथ न्यायपालिका ने इसकी व्याख्या करते हुए स्पष्ट किया है कि जीवन का अर्थ केवल जीवित रहना नहीं, सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार भी है. इसी संवैधानिक दर्शन के आधार पर आज स्वीकार किया जा रहा है कि व्यक्ति की गरिमा केवल भौतिक संसार तक सीमित नहीं है, उसका डिजिटल अस्तित्व भी समान रूप से सम्मान और संरक्षण का अधिकारी है. यदि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, निजता या पहचान डिजिटल मंचों पर प्रभावित होती है, तो यह उसकी गरिमा पर प्रत्यक्ष आघात है. आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अभिव्यक्ति के सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं.किंतु इन मंचों पर फर्जी समाचार, ट्रोलिंग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, डीपफेक वीडियो, पहचान की चोरी और निजी सूचनाओं का प्रसार तेजी से बढ़ रहा है. कई बार डिजिटल अपमान मानसिक तनाव, सामाजिक बहिष्कार और आत्मविश्वास में कमी का कारण बन जाता है. इसलिए डिजिटल सुरक्षा केवल साइबर सुरक्षा का विषय नहीं, मानवीय गरिमा की रक्षा का प्रश्न भी है. भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने केएस पुट्टास्वामी बनाम भारत संघ (2017) के निर्णय में निजता के अधिकार को अनुच्छेद 21 के अंतर्गत मौलिक अधिकार घोषित किया. यह निर्णय डिजिटल युग में नागरिकों की गरिमा की रक्षा की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हुआ. आज जब व्यक्तिगत जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर संग्रहीत और साझा की जाती है, तब निजता का संरक्षण व्यक्ति की स्वतंत्रता और गरिमा दोनों के लिए अनिवार्य हो जाता है. नागरिकों को विश्वास होना चाहिए कि उनका व्यक्तिगत डाटा उनकी अनुमति के बिना उपयोग नहीं किया जायेगा. डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता और एल्गोरिदम आधारित निर्णय प्रणालियां भी तेजी से विकसित हो रही हैं. बैंक ऋण, भर्ती, बीमा, शिक्षा और सरकारी सेवाओं में स्वचालित प्रणालियों का उपयोग बढ़ रहा है. यदि इन प्रणालियों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और निष्पक्षता का अभाव होगा, तो नागरिकों के साथ भेदभाव की आशंका भी बढ़ेगी. इसलिए डिजिटल गरिमा का अर्थ केवल डाटा सुरक्षा नहीं, ऐसी तकनीक का विकास भी है जो मानवीय मूल्यों, समानता और न्याय के सिद्धांतों का सम्मान करे. डिजिटल गरिमा की रक्षा में विधि की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, साइबर अपराधों की त्वरित जांच, पीड़ितों के लिए सुलभ शिकायत तंत्र तथा न्यायिक प्रक्रिया में तकनीकी दक्षता आवश्यक है. व्यक्तिगत डाटा के संरक्षण, ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों की जवाबदेही और एआइ के नैतिक उपयोग के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित करना भी समय की जरूरत है. कानून का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना नहीं, नागरिकों के अधिकारों और गरिमा की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित करना भी होना चाहिए. शिक्षण संस्थानों की भूमिका इस दिशा में महत्वपूर्ण है. विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में डिजिटल नागरिकता, साइबर नैतिकता, डाटा सुरक्षा, ऑनलाइन व्यवहार तथा डिजिटल अधिकारों पर आधारित पाठ्यक्रम विकसित किये जाने चाहिए. विधि विश्वविद्यालयों और विधि महाविद्यालयों को डिजिटल अधिकार, साइबर कानून, एआइ एवं विधि तथा डाटा संरक्षण जैसे विषयों पर अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए. विद्यार्थियों में यह समझ विकसित करना आवश्यक है कि तकनीक का उपयोग अधिकारों के साथ-साथ उत्तरदायित्वों का भी विषय है. बच्चों और युवाओं को केवल डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं, उन्हें डिजिटल अनुशासन, सत्यापन की संस्कृति, ऑनलाइन शिष्टाचार और जिम्मेदार अभिव्यक्ति का प्रशिक्षण देना भी आवश्यक है. 'विकसित भारत 2047' का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति, डिजिटल अवसंरचना या एआइ में वैश्विक नेतृत्व तक सीमित नहीं है. उसका वास्तविक आधार ऐसा समाज है, जहां प्रत्येक नागरिक की गरिमा समान रूप से सुरक्षित हो.यदि डिजिटल भारत को वास्तव में समावेशी और न्यायपूर्ण बनाना है, तो तकनीकी नवाचार के साथ संवैधानिक मूल्यों, मानवाधिकारों और नैतिक उत्तरदायित्वों को भी समान महत्व देना होगा. जब प्रत्येक नागरिक डिजिटल मंचों पर भी सम्मान, सुरक्षा, निजता और समान अवसर का अनुभव करेगा, तभी भारत का डिजिटल परिवर्तन वास्तव में मानवीय, न्यायपूर्ण और संविधान की मूल भावना के अनुरूप माना जायेगा. (ये लेखिका के निजी विचार हैं.)