ePaper

पर्सनल लोन दिलाने व खाता खोलने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से पांच-पांच हजार की ठगी, मामला पहुंचा थाना

Updated at : 21 Jan 2026 8:15 PM (IST)
विज्ञापन
पर्सनल लोन दिलाने व खाता खोलने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से पांच-पांच हजार की ठगी, मामला पहुंचा थाना

शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप एक निजी मकान में चल रहा था लोन दिलाने वाला बैंक

विज्ञापन

बैंक बंद देखकर आक्रोशित महिलाओं ने किया हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस

बांका. कम दर पर पर्सनल लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर खाता खुलवाने के नाम पर सदर प्रखंड क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये ठगी का एक मामला सामने आया है. ठगी का शिकार हुई दर्जनों महिलाएं बुधवार को सदर थाना पहुंचीं और पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी. महिलाओं ने घटना के संदर्भ में बताया कि दो-तीन युवकों ने सोनागिरि नामक एक फाइनांस बैंक से ग्रुप लोन दिलाने के नाम पर पहले तो क्षेत्र में घूम-घूम कर उपभोक्ता बनाया. इसके बाद लोन लेने के लिए अपने बैंक में खाता खोलने के नाम पर हरेक से पांच-पांच हजार रुपये की उगाही की. इसके साथ ही उक्त फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने 20 जनवरी को लोन देने का प्रलोभन दिया था. जब 21 जनवरी तक किसी व्यक्ति के खाता में लोन का पैसा नहीं आया, तो क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप एक निजी मकान में चल रहे कार्यालय पहुंची. इस दौरान वहां न तो कोई बोर्ड लगा था और न ही कोई कर्मी मौजूद थे. मुख्य गेट में ताला लगा हुआ था. रुपये ठगी कर फरार होने वाले युवक का मोबाइल भी स्विच ऑफ था. पीड़ित महिलाओं ने बताया कि लोन देने वाले कर्मी ने लोगों को कम ब्याज दर पर 01 लाख 60 हजार रुपये का लोन दिलाने की बात कही थी. कहा था कि इसके लिए पांच हजार रुपये देकर पहले खाता खुलवाना होगा. खाता खुलने के बाद ये राशि वापस हो जायेगी. इसके साथ ही लोन भी मिलेगा. इसके बाद क्षेत्र की करीब 1000 महिलाओं ने खाता खोलने के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये जमा कर दिया, जिसकी रसीद भी महिला के पास है.

महिलाओं ने किया हंगामा, जांच में जुटी पुलिस

सदर थाना शिकायत के लिए पहुंची रिंकी देवी, जरीना खातून, रश्मि कुमारी, कविता देवी, पार्वती देवी, राजकुमार, रीता कुमारी, मोहनी देवी, कंती देवी, मलिया देवी, संजय मांझी, गौरी शंकर आदि ने बताया कि सोनागिरि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एजेंट के रूप में विजिटिंग कार्ड लेकर सौरव सिंह शाखा प्रबंधक व उनके कुछ सहयोगी क्षेत्र में घूम-घूम कर लोगों को लोन दिलाने की बात कहते थे और उपभोक्ताओं से आधार कार्ड, पैन कार्ड व वोटर कार्ड की फोटो कॉपी लेते थे. इसके अलावा पांच हजार रुपये नकद यह कह कर लेते थे कि हम अपना ब्रांच में आप का खाता खोलेंगे. इस झांसे में क्षेत्र की लगभग 1000 महिलाओं ने पांच-पांच हजार रुपये दे दिया. कार्यालय में कर्मियों के नहीं मिलने पर महिलाएं हंगामा करने लगीं. हंगामा की सूचना पर डायल 112 नंबर की पुलिस मौके पहुंची और महिलाओं से पूरी जानकारी लेकर थाने में आवेदन देने को कहा. इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ितों से आवेदन लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन