कटोरिया में बिच्छू के डंस से दो महिलाएं गंभीर, सीएचसी में भर्ती

Updated:
विज्ञापन
कटोरिया में बिच्छू के डंस से दो महिलाएं गंभीर, सीएचसी में भर्ती

Banka News : बांका जिले के कटोरिया प्रखंड क्षेत्र में उमस भरी गर्मी के बीच विषैले जीव-जंतुओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाएं बिच्छू दंश का शिकार हो गईं. गंभीर हालत में दोनों महिलाओं को परिजनों ने कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : तरगच्छा पंचायत के धोबनी गांव निवासी गणेश यादव की 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी मवेशियों के लिए बहियार में घास काट रही थी. इसी दौरान अचानक एक विषैले बिच्छू ने उनके हाथ की अंगुली में डंक मार दिया. डंक लगते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी और दर्द से वह तड़प उठी. परिजनों ने तुरंत उसे इलाज के लिए कटोरिया सीएचसी पहुंचाया.

घर में सफाई कर रही महिला भी हुई शिकार

दूसरी घटना कटोरिया नगर पंचायत क्षेत्र के राधानगर बाजार के समीप हेंठनेंगाजोर मुहल्ले की है. यहां स्वर्गीय ठाकुर दास की 50 वर्षीय पत्नी पचिया देवी घर में सफाई कर रही थीं. इसी दौरान सामान हटाने के क्रम में हथेली में बिच्छू ने डंक मार दिया. अचानक तेज दर्द और सूजन होने पर परिजन घबरा गए और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

सीएचसी में चिकित्सकों की निगरानी में हुआ इलाज

कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ शैलजानंद शुक्ला के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से दोनों महिलाओं की स्थिति नियंत्रण में रही. इलाज के बाद दोनों के स्वास्थ्य में सुधार बताया गया है.

उमस और बारिश के मौसम में बढ़ रहा खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि उमस भरी गर्मी और बदलते मौसम के कारण क्षेत्र में बिच्छू सहित अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है. ग्रामीण इलाकों में खेत, बहियार और घरों के आसपास ऐसे जीव अधिक निकल रहे हैं. चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी विषैले जीव के काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन