बंद घर का ताला तोड़ दो लाख की संपत्ति की चोरी

बंद घर का ताला तोड़ दो लाख की संपत्ति की चोरी
राजस्थान में रहता है पीड़ित परिवार, देखरेख के लिए रखे गए केयरटेकर का पुत्र हिरासत में
क्षेत्र में बढ़ती चोरी व लूट की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र में चोरी व लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस अब तक सफल नहीं हो सकी है. ताजा मामला सोमवार की रात बड़ी खजूरी गांव का है, जहां चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए आभूषण सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना की शिकायत पीड़ित पक्ष के नीरज कुमार ने पुलिस से की है. गृहस्वामी मनखुश झा ने बताया कि उनका पूरा परिवार राजस्थान में रहता है, जबकि उनके बड़े भाई बांका कोर्ट में कार्यरत हैं. घर व जमीन की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही हरिबोल ठाकुर को सौंपी गयी थी. बताया गया कि हरिबोल ठाकुर घर की देखरेख के साथ-साथ अपने ट्रैक्टर, अनाज व अन्य सामान भी बरामदे में रखने लगे थे. इसी बीच चोरों ने घर का ताला तोड़कर आभूषण, वस्त्र एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. हैरानी की बात यह रही कि केयरटेकर ने घटना की सूचना तुरंत नहीं दी, बल्कि अगले दिन गांव के लोगों के माध्यम से जानकारी मिली. सूचना मिलने पर जब नीरज कुमार मौके पर पहुंचे तो घर की स्थिति देख वे स्तब्ध रह गये. घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे व जांच शुरू कर दी. पुलिस ने संदेह के आधार पर हरिबोल ठाकुर के पुत्र कन्हैया ठाकुर को हिरासत में लिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा. गौरतलब है कि एक माह पूर्व बाजार के आभूषण व्यवसायी राजा साह के घर में भी लूटपाट की घटना हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




