पंचायत समिति की बैठक में छाया रहा मनरेगा भुगतान व स्वास्थ्य केंद्रों का मुद्दा

छाया रहा मनरेगा भुगतान व स्वास्थ्य केंद्रों का मुद्दा
जर्जर भवन ध्वस्त कर बनाई जाएंगी 10 नयी दुकानें, बाजार की सफाई के लिए लगेंगे डस्टबिन
नल-जल योजना की शिकायतों व एपीएचसी खोलने की मांगों पर जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंता
धोरैया. बहुउद्देशीय सभागार धोरैया में पंचायत समिति की सामान्य बैठक बुधवार को प्रखंड प्रमुख रंजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक का संचालन बीडीओ अरविंद कुमार ने किया. सर्वप्रथम गत बैठक का अनुपालन प्रतिवेदन किया गया, जिसमें मनरेगा पीओ ने आंगनबाड़ी मद में भुगतान नहीं होने की बात कही. बताया कि मैटेरियल मद की राशि नहीं आने के कारण पेमेंट नहीं हो पाया है, जबकि मजदूरी का भुगतान प्रोसेस में है.
चिकित्सा विभाग से जुड़े मुद्दों पर रामजी पासवान ने बनियाचक में उप स्वास्थ्य केंद्र बनने का मुद्दा उठाया. मुखिया ब्रह्मदेव सिंह ने वार्ड नंबर तीन में आशा कार्यकर्ता के कार्य संचालन में अनियमितता की बात कही. चंदाडीह मुखिया अभय कुमार सिंह ने बड़ेरी में स्वास्थ्य उप केंद्र के लिए एनओसी की मांग की. चलना की मुखिया ने एक स्वास्थ्य उप केंद्र को कुमरडीह पंचायत सरकार भवन में शिफ्ट कराने की मांग की, जिस पर पंचायत समिति सदस्य ने आपत्ति जतायी.प्रखंड प्रमुख ने ब्लॉक के आगे जर्जर भवन को ध्वस्त करा कर नये 10 दुकान बनाने की बात कही. इसके अलावा मार्केट में गंदगी को देखते हुए डस्टबिन रखवाने का निर्देश दिया. कुरमा में पंचायत सरकार भवन व विवाह मंडप के लिए एनओसी की मांग मुखिया दीनबंधु दीनानाथ ने की. चन्दाडीह, लौंगाय व बटसार पंचायत के मुखिया ने पंचायत में एपीएचसी खोलने के लिए स्वास्थ्य विभाग से पहल करने का निवेदन किया.
मुखिया रजनीश कुमार ने भुसार गांव में नल जल योजना के सफल संचालन के लिए पीएचईडी से निवेदन किया. वहीं कुरमा मुखिया ने वार्ड 1, 2, 3 में नल जल के फटे हुए पाइप के रिपेयरिंग का मुद्दा उठाया. मनरेगा से जुड़ी पूर्ण योजनाओं के सामग्री व श्रमिक मानदेय भुगतान का मुद्दा पूरी बैठक में छाया रहा.बैठक में धोरैया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार, उप प्रमुख जुबेदा खातून, बीपीआरओ अनुपम अनुराग, एमओ मदन मोहन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, मुखिया व पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




