मंदार पर्वत पर अष्टकमल और मधुसूदन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, विशेष पूजा-अर्चना से गूंजा क्षेत्र

अष्टकमल मंदिर | Prabhat Khabar Network
Mandar Temple News: बांका के बौंसी स्थित मंदार पर्वत पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. पापहारिणी सरोवर के अष्टकमल मंदिर और भगवान मधुसूदन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई. भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
Mandar Temple News: बांका के बौंसी स्थित प्रसिद्ध मंदार पर्वत क्षेत्र शुक्रवार को भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. पापहारिणी सरोवर स्थित अष्टकमल मंदिर और भगवान मधुसूदन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
सुबह से मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शुक्रवार की सुबह पापहारिणी सरोवर में स्थित अष्टकमल मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. भक्तों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और मंगल की प्रार्थना की. मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर रहा.
अहले सुबह खुले मधुसूदन मंदिर के पट
बौंसी स्थित भगवान मधुसूदन मंदिर का पट अहले सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. पट खुलते ही दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया. सुबह 7:30 बजे भगवान की विशेष आरती संपन्न हुई. मंदिर के पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान की नित्य पूजा-विधि संपन्न कराई.
पंचामृत स्नान से लेकर भव्य शृंगार तक हुआ आयोजन
मंदिर में भगवान का प्रतिदिन पंचामृत से स्नान कराया जा रहा है. इसके बाद चंदन लेपन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा की जाती है. दोपहर 12 बजे भगवान को चावल, दाल, सब्जी सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया. शाम 6:30 बजे भगवान का भव्य श्रृंगार और आरती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दिव्य दर्शन करेंगे. रात्रि में भगवान को पूड़ी, दूध, चीनी, काजू, किशमिश, पेड़ा सहित विभिन्न मिष्ठानों का भोग अर्पित किया गया. इसके बाद रात 8:30 बजे मंदिर का पट बंद किया जायेगा
अन्य मंदिरों में भी गूंजे जयकारे
शहर के भयहरण स्थान, बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर, जगतपुर स्थित ठाकुरबाड़ी सहित जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी सुबह विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के पट सुबह 5 बजे ही खोल दिए गए. भक्तों ने भगवान के दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और परिवार की सुख-शांति की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










