बांका के 54 किमी कांवरिया पथ पर स्वच्छता पर विशेष जोर, दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य, 24 घंटे सफाई व्यवस्था
कांवरिया पथ पर एक्टिव स्वच्छता कर्मी | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बांका प्रशासन ने 54 किमी लंबे कांवरिया पथ पर अभूतपूर्व स्वच्छता व्यवस्था की है। दुकानों पर डस्टबिन अनिवार्य होने के साथ-साथ 24 घंटे सफाईकर्मी तैनात रहेंगे।
Shravani Mela: कटोरिया (बांका). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले लाखों कांवरिया श्रद्धालु धौरी से आगे बढ़ते हुए बांका जिले के लगभग 54 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ से होकर गुजरते हैं. श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गयी है.
दुकानों पर डस्टबिन रखना किया गया अनिवार्य
कांवरिया पथ के किनारे स्थित सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है. साथ ही दुकानों के पीछे सोखता बनाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि गंदा पानी कांवरिया पथ पर न फैले. संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी नियमित रूप से इन व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. निर्देशों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
स्वच्छता रथ से होगा कचरे का नियमित निस्तारण
कांवरिया पथ पर प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्वच्छता रथ की व्यवस्था की गई है. इसके माध्यम से पूरे मार्ग की नियमित सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है.
647 चापाकल, 350 शौचालय और 294 स्नानागार की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवरिया पथ पर 647 चापाकल लगाए गए हैं. इसके अलावा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा 350 शौचालय, 294 स्नानागार तथा झरनों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें.
24 घंटे तैनात रहेंगे स्वच्छता कर्मी
जिला प्रशासन ने पूरे कांवरिया पथ पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की 24×7 शिफ्टवार प्रतिनियुक्ति की है. सभी कर्मी लगातार सफाई कार्य में लगे रहेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण मिल सके.
सहायता केंद्रों से संपर्क करने की अपील
Shravani Mela: जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानागार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की सहायता या आपात स्थिति में निकटतम सहायता केंद्र, सूचना केंद्र अथवा प्रतिनियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










