शंभुगंज में वज्रपात का कहर, महिला और 10 वर्षीय बालक की मौत, एक महिला झुलसी

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और 10 वर्षीय बालक की जान चली गई. खेत में काम कर रही एक अन्य महिला झुलस गई. प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि देने की घोषणा की है.

विज्ञापन

Banka Lightning Death: बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड में सोमवार को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. खेत में धान रोपनी कर रही एक महिला और शौच के लिए बहियार गए 10 वर्षीय बालक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला झुलस गई. दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है. प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की है.

इंट्रो:

शंभुगंज (बांका). प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक बालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला झुलस गई. घटना के बाद परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला और बालक को मृत घोषित कर दिया. घायल महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

धान रोपनी के दौरान महिला पर गिरी आकाशीय बिजली

पहली घटना बैदपुर गांव की है. यहां रुपेश कुमार की 35 वर्षीय पत्नी नीलू देवी बैदपुर बहियार में धान रोपनी का कार्य कर रही थीं. दोपहर बाद अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं पास के खेत में काम कर रही सुलेखा देवी, पति उदय कुमार, भी वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गईं. उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज में चल रहा है.

बेंगलुरु में रहते हैं पति, तीन बच्चों की थी जिम्मेदारी

परिजनों ने बताया कि नीलू देवी के पति रुपेश कुमार जीविकोपार्जन के लिए बेंगलुरु में रहते हैं. नीलू देवी ही घर की जिम्मेदारियों के साथ अपने तीन बच्चों, दो पुत्री और एक पुत्र, का पालन-पोषण कर रही थीं. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

शौच के लिए गया था बालक, वज्रपात से गई जान

दूसरी घटना बरौथा गांव की है. यहां सुमन पासवान का 10 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार शौच के लिए बहियार गया था. इसी दौरान ठनका गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आर्यन चौथी कक्षा का छात्र था. परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें वह सबसे बड़ा था. उसका छोटा भाई दिव्यांशु दूसरी कक्षा में पढ़ता है.

अस्पताल में मचा कोहराम

दोनों घटनाओं के बाद परिजन मृतकों और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. ड्यूटी पर तैनात डॉ. अजय कुमार शर्मा और डॉ. उमाशंकर ने जांच के बाद नीलू देवी और आर्यन कुमार को मृत घोषित कर दिया. दोनों परिवारों के परिजनों के विलाप से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि दोनों मामलों में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

मृतकों के परिजनों को मिलेगी सहायता राशि

Banka Lightning Death: अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि दोनों मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही वज्रपात से झुलसी महिला की रिपोर्ट भी जिला आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी जायेगी.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन