श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, खाली पानी टंकी देख भड़के डीएम, अधिकारियों को लगाई फटकार

Updated:
विज्ञापन
पीएचईडी का शौचालय यूनिट  | Prabhat Khabar Network

पीएचईडी का शौचालय यूनिट | Prabhat Khabar Network

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कांवरिया पथ का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया. खाली पानी टंकी मिलने पर डीएम ने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026: कटोरिया (बांका). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर बांका जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण कर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सभी विभागों को दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कांवरियों के ठहराव स्थल, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, स्नानागार, कच्चे कांवरिया पथ, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई की विस्तृत समीक्षा की. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं.

खाली पानी टंकी मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी

जिला नियंत्रण कक्ष के समीप पीएचईडी द्वारा बनाए गए शौचालय परिसर की पानी की टंकी खाली मिलने पर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए.

'दीदी की रसोई' की तैयारी पर मांगा स्पष्टीकरण

जीविका द्वारा संचालित होने वाली "दीदी की रसोई" के पंडाल में भोजन निर्माण एवं वितरण की अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया. उन्होंने निर्देश दिया कि भोजन व्यवस्था समय से पूरी तरह तैयार रहे ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

टेंट सिटी, धर्मशाला और पुल का भी किया निरीक्षण

Shravani Mela 2026: निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अबरखा स्थित टेंट सिटी, अबरखा धर्मशाला, पर्यटन विभाग के पंडाल, प्रस्तावित उद्घाटन स्थल, कंट्रोल रूम, पीएचईडी के शौचालय एवं स्नानागार, पेयजल संरचनाएं, दरभाषण नदी पुल तथा इनारावरण धर्मशाला का भी निरीक्षण किया. जहां-जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गये.

'श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देना प्रशासन की प्राथमिकता'

जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि श्रावणी मेला जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा आयोजन है. यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान डीडीसी उपेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम राजकुमार, डीटीओ अनु प्रिया, एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, डीआरडीए निदेशक श्रीनिवासन, यातायात डीएसपी, कटोरिया बीडीओ देवाशीष कुमार, चांदन बीडीओ अजेश कुमार, कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा सहित पीएचईडी, भवन निर्माण, जीविका एवं अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन