गर्मी में ही पीसीसी रोड पर बह रहा नाली का पानी, बारिश में बढ़ेगी मुसीबत

Updated:
विज्ञापन
गर्मी में ही पीसीसी रोड पर बह रहा नाली का पानी, बारिश में बढ़ेगी मुसीबत

Banka News: क्या आपने कभी ऐसी सड़क देखी है जहां नाली सड़क से ऊंची बना दी गई हो और गंदा पानी पूरे दिन रोड पर बहता रहे? बांका के एक गांव में लोग इसी ‘नर्क जैसी सड़क’ से गुजरने को मजबूर हैं.

विज्ञापन

पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट :

बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र स्थित लखपुरा गांव में सरकारी लापरवाही और खराब इंजीनियरिंग का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं. लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पीसीसी सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी है. हालत यह है कि भीषण गर्मी में भी सड़क पर हर समय कीचड़ और जलजमाव बना रहता है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर अभी यह स्थिति है, तो बारिश में गांव की सड़क पूरी तरह तालाब बन जाएगी.

सड़क से ऊंची बना दी नाली, रोड पर बह रहा गंदा पानी

लौढ़िया खुर्द पंचायत के वार्ड नंबर 6 स्थित लखपुरा गांव में काली मंदिर से रानी पोखर तक पीसीसी सड़क बनाई गई थी. ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के बाद बगल में बनाई गई नाली तकनीकी रूप से गलत तरीके से तैयार की गई. नाली सड़क के स्तर से ऊंची बना दी गई, जिससे सड़क का पानी नाली में जाने के बजाय उल्टा नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने लगा.अब स्थिति यह है कि चौबीसों घंटे सड़क पर नाली का दूषित पानी बहता रहता है. इससे पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है और लोगों का चलना मुश्किल हो गया है.

मंदिर जाने वाले श्रद्धालु और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान

यह सड़क गांव के काली मंदिर के पास से गुजरती है. ऐसे में मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना स्कूली बच्चे और राहगीर कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं.ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. लोगों में प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है.

मुखिया ने माना, योजना में रह गई तकनीकी खामी

पंचायत की मुखिया माधुरी कुमारी ने स्वीकार किया कि योजना में तकनीकी खामी रह गई थी. उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर कनीय अभियंता (JE) से बातचीत की गई है और नाली के पानी की निकासी को सुधारने के लिए फंड की व्यवस्था की जा रही है. जल्द ही समस्या के समाधान का काम शुरू कराया जाएगा.ग्रामीण अब उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, ताकि गांव की यह सड़क दोबारा लोगों के लिए राहत का रास्ता बन सके.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन