बाराहाट में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कांवरियों से भरी टोटो को मारी टक्कर, ऑटो से भिड़ी गाड़ी; 13 लोग घायल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में इलाजरत महिला. | Prabhat Khabar Network

बांका जिले के बाराहाट में सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कावंरियों से भरी टोटो और एक ऑटो को टक्कर मार दी. इस हादसे में कुल 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक है.

विज्ञापन

बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र में भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. राधानगर मार्केट के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से कांवरियों से भरी टोटो और एक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में कांवरियों समेत कुल 13 लोग जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया.

बासुकीनाथ से लौट रहे थे कांवरिया, पीछे से आई स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार, कांवरियों से भरी टोटो बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद लौट रही थी. इसी दौरान राधानगर मार्केट के समीप पीछे से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से गुजर रहे ऑटो से जा भिड़ी.

ऑटो में कनोलिया गांव के कई लोग सवार थे. अचानक हुए हादसे में ऑटो सवार लोग भी इसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए. दुर्घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गयी.

हादसे में 13 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

दुर्घटना में सुजाता देवी, सुनीता देवी, नेहा कुमारी, ऋषिराज, प्रिंस राज, सुदामा देवी, सीमा देवी, सुष्मिता देवी, निशा देवी, पबिता देवी, पप्पू यादव, विनमंदो सिंह और रॉली सिंह घायल हुए हैं.

स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया. इनमें दो घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया. वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. बताया गया कि घायल कांवरिया फूली डूमर थाना क्षेत्र के धन गुड़िया गांव के रहने वाले हैं.

फोटो | Prabhat Khabar Network
अस्पताल में इलाजरत कांवरिया. | Prabhat Khabar Network
फोटो | Prabhat Khabar Network
घायल महिला का इलाज करती स्वास्थ्यकर्मी.| Prabhat Khabar Network

हादसे के बाद भागलपुर-दुमका मार्ग पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सूचना मिलते ही बाराहाट पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभाला. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका.

पुलिस ने शुरू की जांच, शिकायत का इंतजार

थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी थी. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है और घायलों का इलाज कराया गया.

उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना में शामिल वाहनों की स्थिति की भी जानकारी जुटा रही है.


विज्ञापन
अजय कुमार झा

लेखक के बारे में

By अजय कुमार झा

अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन