बारिश में भी नहीं थमी आस्था, पिपलेश्वर धाम में काशी के आचार्यों ने कराई गंगा महाआरती, दीपों से जगमगाया मंदिर

Updated:
विज्ञापन

गंगा महाआरती करते काशी के आचार्य.

बांका के पिपलेश्वर धाम में 108वें श्रावणी महोत्सव का उत्साह अपने चरम पर है. तेज बारिश के बावजूद, काशी के आचार्यों द्वारा आयोजित गंगा महाआरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. दीपों और शंखध्वनि से भक्तिमय हुआ वातावरण.

विज्ञापन

बांका के बौंसी प्रखंड में श्याम बाजार के समीप स्थित पौराणिक बाबा पिपलेश्वर नाथ महादेव मंदिर इन दिनों शिवभक्ति में डूबा हुआ है. 108वें श्रावणी महोत्सव के तीसरे सोमवार की देर रात काशी से पहुंचे आचार्यों ने विधिवत गंगा महाआरती करायी. तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु आरती में शामिल हुए. दीपों की कतार, शंखध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया.

दीप प्रज्वलन से शुरू हुई काशी की परंपरा

महाआरती करते काशी के आचार्य.
महाआरती करते काशी के आचार्य.

गंगा महाआरती की शुरुआत पूर्व विधायक डॉ निक्की हेंब्रम और बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की. काशी की परंपरा के अनुरूप आयोजित महाआरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही.

सनातन परंपरा में गंगा आरती को जल, प्रकृति और देवत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाली आध्यात्मिक परंपरा माना जाता है. काशी से आए आचार्यों द्वारा पिपलेश्वर धाम में इस आयोजन ने श्रावणी महोत्सव की धार्मिक भव्यता को और बढ़ा दिया.

पिपलेश्वर धाम में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

पिपलेश्वर धाम में मौजूद श्रद्धालु.
पिपलेश्वर धाम में मौजूद श्रद्धालु.

पौराणिक बाबा पिपलेश्वर नाथ महादेव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में माना जाता है. श्रावण मास में यहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं. 108वें श्रावणी महोत्सव के कारण इस बार मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है.

28 अगस्त तक चलेगा श्रावणी महोत्सव

महोत्सव के अगुवा कथावाचक ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक सोमवार और श्रावणी पूर्णिमा पर काशी के आचार्यों द्वारा गंगा महाआरती करायी जा रही है. 30 जुलाई से शुरू हुआ महोत्सव 28 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान शिवमहापुराण, श्रीमद्भागवत, श्रीराम कथा और रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान भी नियमित रूप से आयोजित किये जा रहे हैं.

श्रावणी पूर्णिमा पर विशेष महाशृंगार, लाइव कार्यक्रम और कोलकाता की प्रस्तुति के साथ भजनमाला का आयोजन किया जायेगा.

श्रद्धालुओं के लिए की गयी विशेष व्यवस्था

मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को तोरण द्वार, आकर्षक रोशनी और पंडाल से सजाया गया है. मंदिर परिसर फूलों और रंगीन रोशनी से जगमगा रहा है. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवास, चिकित्सा, पेयजल और दोनों समय भंडारे की व्यवस्था की गयी है.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. साथ ही पुलिस की गश्ती भी जारी है. बारिश के बीच गंगा महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पिपलेश्वर धाम की धार्मिक आभा को और खास बना दिया.


विज्ञापन
संजीव कुमार

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन