हाइवा गुजरते ही उखड़ गयी नयी सड़क, ग्रामीणों ने कहा- ये विकास है या खानापूर्ति?

Updated:
विज्ञापन
हाइवा गुजरते ही उखड़ गयी नयी सड़क, ग्रामीणों ने कहा- ये विकास है या खानापूर्ति?

Banka News : बांका जिले के जयपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. जिस पीसीसी सड़क को ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा था, वह निर्माण के दौरान ही टूटने लगी. भारी वाहन चढ़ते ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और अब ग्रामीण इसे सरकारी पैसे की बर्बादी बता रहे हैं.

विज्ञापन

जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटू की रिपोर्ट :

जयपुर थाना क्षेत्र के जमदाहा-जयपुर मुख्य सड़क से हेठ मढ़िया तक चल रहे सड़क मरम्मत कार्य में कथित अनियमितता सामने आई है. ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में बनाई गई पीसीसी सड़क इतनी कमजोर थी कि पीचिंग सामग्री लदे हाइवा के गुजरते ही टूट गई. घटना के बाद से गांव में नाराजगी बढ़ गई है और लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच की मांग कर रहे हैं.

सड़क बनी नहीं, पहले ही टूटने लगी

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ही संवेदक द्वारा गांव में पीसीसी ढलाई का कार्य पूरा किया गया था. इसके ऊपर फिलहाल पीचिंग का कार्य चल रहा है. इसी दौरान निर्माण सामग्री से लदा भारी हाइवा सड़क से गुजरा, जिससे कई जगह पीसीसी सड़क टूट गई और दरारें उभर आईं.ग्रामीणों का कहना है कि अगर निर्माण कार्य मानक के अनुसार हुआ होता तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती. लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई है.

टूटी सड़क देख ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

सड़क टूटने के बाद भी अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर जांच करानी चाहिए ताकि सरकारी राशि के दुरुपयोग पर रोक लग सके.ग्रामीण टेकलाल मरांडी, सीताराम टुडू, मुकेश टुडू, मनोज टुडू, प्रकाश टुडू और सोमलाल मुर्मू सहित कई लोगों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषी संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

विकास कार्यों की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में विकास कार्य तो हो रहे हैं, लेकिन गुणवत्ता की अनदेखी की वजह से योजनाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जल्द ही पूरी तरह खराब हो सकती है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन