चुनाव में छाया रोमांच : टॉस से मिली जीत, नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति में मृणाल आनंद की एंट्री

Updated:
विज्ञापन
चुनाव में छाया रोमांच : टॉस से मिली जीत, नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति में मृणाल आनंद की एंट्री

Banka News : बौसी नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति चुनाव में बुधवार को ऐसा रोमांच देखने को मिला, जिसने पूरे प्रखंड मुख्यालय का माहौल गर्म कर दिया. तीसरे सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले, जिसके बाद जीत-हार का फैसला टॉस से हुआ. आखिरकार किस्मत ने मृणाल आनंद का साथ दिया और उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया.

विज्ञापन

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया दोपहर करीब एक बजे तक चली. इसके बाद मतगणना कर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए तथा सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. चुनाव प्रक्रिया नगर निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी रवि प्रकाश गौतम की निगरानी में कराई गई.

पहले सदस्य पद पर अमीर पाठक की शानदार जीत

पहले सदस्य पद के लिए हुए मुकाबले में वार्ड सदस्य अमीर पाठक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिद्वंद्वी सुनैना देवी को तीन मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की. इस मुकाबले में चार मत रद्द घोषित किए गए, जिसके कारण परिणाम को लेकर काफी देर तक चर्चा होती रही.

दूसरे पद पर नवनीत कुमार विनीत ने मारी बाजी

दूसरे सदस्य पद के चुनाव में नवनीत कुमार विनीत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपक रजक को दो मतों से हराया. दीपक रजक को आठ मत प्राप्त हुए. इस सीट पर भी तीन मत रद्द किए गए, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प बन गया.

तीसरे पद पर टॉस बना फैसला करने वाला ‘निर्णायक’

सबसे अधिक रोमांच तीसरे सदस्य पद के चुनाव में देखने को मिला. वार्ड सदस्य विनीत कुमार और मृणाल आनंद दोनों को सात-सात मत प्राप्त हुए. बराबरी की स्थिति बनने के बाद निर्वाची पदाधिकारी के नेतृत्व में लॉटरी सिस्टम यानी टॉस कराया गया. टॉस में मृणाल आनंद के पक्ष में फैसला आया और उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया. वहीं अजय कुमार साह को तीन मतों से संतोष करना पड़ा. इस सीट पर भी चार मत रद्द घोषित किए गए.

दिनभर चुनावी गहमागहमी से गुलजार रहा प्रखंड मुख्यालय

चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रखंड मुख्यालय परिसर में समर्थकों और वार्ड पार्षदों की भीड़ लगी रही. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. मौके पर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ हर्ष पराशर, बीपीआरओ श्याम सुंदर कुमार, बीसीओ शैलेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. पूरे चुनाव के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण और चर्चा से भरा रहा.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन