शंभुगंज में नाबालिग अपहरण कांड का खुलासा, लड़की सकुशल बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपी  | Prabhat Khabar Network

गिरफ्तार आरोपी  | Prabhat Khabar Network

बांका के शंभुगंज में शादी की नीयत से अपहृत की गई नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है. स्कूल जाते समय हुई इस घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. मोबाइल लोकेशन के आधार पर हुई कार्रवाई से परिजनों को बड़ी राहत मिली है.

विज्ञापन

Banka News: शंभुगंज (बांका). शंभुगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नीयत से अपहृत की गई नाबालिग लड़की को स्थानीय पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस ने मामले में नामजद मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.

स्कूल जाने के दौरान हुआ था अपहरण

जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व नाबालिग लड़की कामतापुर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. इसी दौरान रास्ते से उसका अपहरण कर लिया गया. काफी खोजबीन के बाद जब लड़की का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने शंभुगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी.आवेदन में कामतापुर गांव निवासी सन्नी कुमार, पिता बबलू मंडल सहित पांच लोगों पर बहला-फुसलाकर और साजिश के तहत शादी की नीयत से लड़की का अपहरण करने का आरोप लगाया गया था.

मोबाइल लोकेशन से पुलिस को मिली सफलता

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली. इसके बाद शंभुगंज बाजार में छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत लड़की को सकुशल बरामद कर लिया.

न्यायालय भेजा गया आरोपी

Banka News: पुनि सह थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि बरामद नाबालिग लड़की को महिला पुलिस की अभिरक्षा में बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है. वहीं गिरफ्तार आरोपी सन्नी कुमार की मेडिकल जांच कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में बांका न्यायालय भेज दिया गया है.पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.


विज्ञापन
सुभाष वैद्य

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन