राजपुर पैक्स में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग को ले किसानों ने किया प्रदर्शन

जिले में धान खरीद को लेकर पैक्सों के बीच किए गये असमान लक्ष्य निर्धारण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है.
बेलहर. जिले में धान खरीद को लेकर पैक्सों के बीच किए गये असमान लक्ष्य निर्धारण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. अधिकतर पैक्स अध्यक्ष व किसान परेशान हैं. पैक्स अध्यक्षों व किसानों की माने तो उत्पादन के आधार पर पैक्सों को धान खरीद का लक्ष्य नहीं मिला है. जिसके कारण क्षेत्र के किसान अपनी धान नहीं बेच पा रहे हैं. अधिकतर का लक्ष्य के हिसाब से मिला सीसी भी समाप्त हो गया है, जिससे पैक्स अध्यक्ष धान खरीदने में असमर्थ हो रहे है. मालूम हो कि वर्तमान समय में धान की कीमत बाजार में 1800 से 1900 प्रति क्विंटल है. ऐसे में किसान अपनी धान पैक्स में निर्धारित सरकारी मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचना चाहते है. लेकिन वह अपनी धान लक्ष्य के अभाव में अपने पैक्स में नहीं बेच पा रहे है. यह मामला लगभग सभी प्रखंडों में एक समान देखी जा रही है. इसी कड़ी में बेलहर प्रखंड क्षेत्र के राजपुर पंचायत अंतर्गत कुर्माटांड़ पैक्स गोदाम के पास रविवार को दर्जनों किसानों ने धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पैक्स अध्यक्ष एवं किसानों ने बताया कि इस वर्ष राजपुर पंचायत पैक्स को धान खरीद का लक्ष्य काफी कम कर दिया गया है, जिससे किसानों की धान खरीदारी होने में काफी परेशानी हो रही है. वर्ष 2024-25 में 25 हजार क्विंटल धान की खरीदारी का लक्ष्य था, लेकिन इस बार मात्र 10 हजार क्विंटल धान खरीदारी का लक्ष्य दिया गया है, जिसके कारण पैक्स के निबंधित 277 किसानों के धान की खरीदारी होना संभव नहीं दिख रहा है. 2024-25 में 24 हजार 998 क्विंटल धान की खरीदारी हुई थी. इस बार भी क्षेत्र में अच्छी पैदावार हुई है, बावजूद धान खरीद का लक्ष्य कम कर दिया गया है. इसको लेकर किसानों में काफी आक्रोश है. किसानों को अपनी धान औने-पौने कीमत पर बेचना पड़ेगा. इस बाबत पैक्स अध्यक्ष राजेश सिंह, किसान सुमित्रानंदन झा, उपेंद्र राय, विपिन झा, पवन कुमार झा, जयराम साह, सदानंद झा, लाल बाबू, अशोक साह, प्रवीण कुमार, शीतल प्रसाद सिंह, नवल किशोर मंडल, संजय कुमार झा, विमलेश कुमार, सुभाष यादव, कारु मंडल आदि ने डीएम को आवेदन देकर धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




