बांका में 16 तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, बादलों के बीच उमस करेगी परेशान, हल्की बारिश के भी आसार
आसमान में छाये बादल. | Prabhat Khabar Network
बांका जिले में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है, हालांकि 16 अगस्त तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम को देखकर ही कृषि कार्य करें.
बांका जिले में शुक्रवार से अगले कुछ दिनों तक मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है. कभी धूप तो कभी बादलों की मौजूदगी के बीच लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 अगस्त तक जिले के आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. ऐसे में तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद फिलहाल कम है.
सुबह से बादलों की आवाजाही, दोपहर में तेज रही धूप
जिले में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही. इसके बावजूद सुबह से दोपहर तक सूर्य की तपिश महसूस की गयी. दोपहर बाद धूप और छांव का सिलसिला चलता रहा. बादलों की मौजूदगी के बाद भी वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस ने लोगों को परेशान किया. गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
श्रावणी पथ पर भी उमस का असर
उमस भरी गर्मी का असर श्रावणी पथ पर भी देखने को मिल रहा है. मौसम में बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं आने से राहगीरों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है. दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस बढ़ने से लोगों को राहत के लिए ठंडी जगहों और पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ रहा है.
16 अगस्त तक बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 16 अगस्त तक जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. इस दौरान आसमान में घने या आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवा चलने की भी संभावना जतायी गयी है. इससे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
35-36 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है, जबकि दोपहर में यह करीब 60 से 65 प्रतिशत रह सकती है. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरबा हवा चलने की संभावना है.
किसानों के लिए भी मौसम अहम
बदलते मौसम का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है. बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों में दवा का छिड़काव और अन्य जरूरी कृषि कार्य मौसम की स्थिति देखकर करने की सलाह दी गयी है. गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने से सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
ये भी पढ़ें : पटना समेत बिहार के इन 18 जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, 40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, वज्रपात का भी खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुभाष वैद्य
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








