शंभुगंज में जला ट्रांसफार्मर का क्वाइल, सिंचाई ठप होने से किसानों पर फसल बचाने का संकट

Updated:
विज्ञापन
शंभुगंज में जला ट्रांसफार्मर का क्वाइल, सिंचाई ठप होने से किसानों पर फसल बचाने का संकट

Banka News : बांका के शंभुगंज प्रखंड में बिजली विभाग की लापरवाही किसानों पर भारी पड़ रही है. पकरिया गांव में कृषि कार्य के लिए लगा ट्रांसफार्मर महीनों से खराब पड़ा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है. गर्मी में मूंग की फसल झुलसने लगी है और अब धान की तैयारी को लेकर किसान चिंतित हैं.

विज्ञापन

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

:

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के पकरिया गांव में कृषि सिंचाई के लिए लगाए गए विद्युत ट्रांसफार्मर का क्वाइल जल जाने से किसानों की परेशानी बढ़ गयी है. किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग अब तक ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं करा सका है. इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है.

सिंचाई ठप, खेतों में सूखने लगी फसल

ग्रामीण किसानों अजय सिंह, दिलमोहन सिंह, मृत्युंजय सिंह और आलोक कुमार सहित अन्य ने बताया कि पकरिया गांव के पूरब बहियार में कृषि सिंचाई के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया था. सभी किसान नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान भी कर रहे हैं.किसानों ने बताया कि पिछले वर्ष खरीफ फसल सीजन में ट्रांसफार्मर का क्वाइल जल गया था. काफी समय बाद उसे बदला गया, लेकिन मरम्मत के महज एक सप्ताह बाद ही ट्रांसफार्मर फिर खराब हो गया. इसके बाद कई बार विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया.

बिचड़ा बोबाई की तैयारी से पहले बढ़ी किसानों की चिंता

किसानों का कहना है कि अभी भीषण गर्मी के कारण मूंग की फसल सूखने लगी है. अगले महीने से धान बिचड़ा बोआई का समय शुरू होने वाला है. ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब रहने से सिंचाई प्रभावित होगी और खेती पर बड़ा असर पड़ सकता है.ग्रामीणों के अनुसार, इस ट्रांसफार्मर से करीब पांच एकड़ से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई होती है. समय पर बिजली नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.

विभाग के खिलाफ नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

आक्रोशित किसानों ने कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे डीएम से लेकर कृषि मंत्री तक शिकायत करेंगे. किसानों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है.वहीं बिजली विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि जल्द ही ट्रांसफार्मर का क्वाइल ठीक करा दिया जाएगा, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन