बिहार एथलेटिक्स में 7 पदकों के साथ रचा इतिहास, खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का गौरव

Published by : MANISH KUMAR Updated At : 14 Jun 2026 12:32 PM

विज्ञापन

बांका के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्यभर के 38 जिलों से आए 2000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया.

विज्ञापन

बिहार एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में बांका के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई स्पर्धाओं में जीते पदक

बौंसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट :

बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बांका जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है. राज्यभर के 38 जिलों से आए 2000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच बांका के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया तथा जिले का नाम पूरे बिहार में गौरवान्वित किया. प्रतियोगिता में बांका की धाविका इंद्राणी कुमारी ने ओपन सीनियर महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं पलक कुमारी ने अंडर-18 बालिका वर्ग के हैमर थ्रो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल प्रेमियों को गौरवान्वित कर दिया.

अंडर-20 बालक वर्ग में भी बांका के खिलाड़ियों का रहा दबदबा

अंडर-20 बालक वर्ग में भी बांका के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. अंकित कुमार ने 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता, जबकि हरविंदर कुमार ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर जिले को सम्मान दिलाया. इसी वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में विवेक कुमार ने कांस्य पदक जीतकर बांका के पदकों की संख्या में इजाफा किया.जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. समीर कुमार ने अंडर-14 बालक वर्ग की ट्रायथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया.

राजेश कुमार ने अंडर-16 बालक वर्ग के जैवलिन थ्रो में रजत पदक हासिल किया

वहीं राजेश कुमार ने अंडर-16 बालक वर्ग के जैवलिन थ्रो में रजत पदक हासिल कर बांका को एक और बड़ी सफलता दिलाई. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्थानीय विधायक पूरनलाल टुडू ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि बांका के खिलाड़ियों ने पूरे बिहार में जिले का सम्मान बढ़ाया है. विधायक ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ जिला एथलेटिक्स संघ के समर्पित प्रयासों को भी दिया. उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे कर्मठ और समर्पित लोगों की हर जिले में आवश्यकता है.जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष देवाशीष कुमार ने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाली है. उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया. जबकि जिला एथलेटिक्स संघ, बांका के सचिव मोनू रंजन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे बांका जिले की सामूहिक उपलब्धि है.

सचिव ने कहा जिले के खिलाड़ियों में अदभुत प्रतिभा

बांका के सचिव मोनू रंजन ने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा, अनुशासन और संघर्ष करने की अद्भुत क्षमता है. लगातार कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर वे राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बांका के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे. बांका के खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता से जिले भर में उत्साह का माहौल है. खेल प्रेमी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर रहे हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं. यह सफलता न केवल बांका जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि बिहार में उभरती खेल प्रतिभाओं की मजबूत पहचान भी बनकर सामने आई है.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन