बिहार के विकास में बांका का महत्वपूर्ण योगदान: रामनारायण

जिले भर में रविवार को बिहार दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया. मुख्य कार्यक्रम आरएमके इंटर स्कूल मैदान में आयोजित हुआ
– बिहार दिवस पर आरएमके मैदान में मुख्य समारोह आयोजित
बांकाजिले भर में रविवार को बिहार दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया. मुख्य कार्यक्रम आरएमके इंटर स्कूल मैदान में आयोजित हुआ. इसका विधिवत शुभारंभ सूबे के पूर्व मंत्री सह विधायक रामनारायण मंडल, डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान एडीएम अजीत कुमार ने विधायक, डीएम व एसपी को पौधा एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. साथ ही राष्ट्रगान के बाद एसएस बालिका की छात्राओं ने बिहार गीत की प्रस्तुति दी गयी. मौके पर विधायक ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है. यह सतत रूप से विकसित राज्य की ओर बढ़ रहा है. केंद्र व राज्य की सरकार बांका के हर क्षेत्र में काम कर रही है. यहां कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और आने वाले समय में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारा जायेगा. कहा कि बिहार के विकास में इस जिले का महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होंने विशेष रूप से इस जिले की रुपरेरखा रखी. साथ ही उन्होंने बिहार के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं राज्य के समग्र विकास में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला.डीएम ने बिहार दिवस पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की जानकारी दी. साथ ही बिहार की गौरवशाली इतिहास व सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करते हुए जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी. कहा कि वर्ष 1912 में बिहार ने अपनी स्वतंत्र पहचान स्थापित की, जबकि इसका इतिहास लोकतंत्र, शांति एवं ज्ञान की प्राचीन परंपराओं से जुड़ा रहा है.
बांका जिले की विशेष पहचान उसके आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों में निहित है. मंदार पर्वत क्षेत्र की ऐतिहासिक व पौराणिक महत्ता तथा यहां की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा जिले की विशिष्ट पहचान है. जिले में शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण व आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके. इस अवसर पर जिले वासियों से आह्वान किया गया कि वे जिले के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बांका को विकसित बिहार के एक आदर्श जिले के रूप में स्थापित करने में सहयोग करें. इस मौके पर डीडीसी उपेंद्र सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रवि प्रकाश गौतम, एसडीओ राजकुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास, यातायात डीएसपी नीरज कुमार, डीआरडीए निदेशक श्रीनिवास सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे.विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
संबोधन के पश्चात यहां विविधि खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. मुख्य अतिथि, डीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकािरयों के द्वारा खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम व अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
लाभार्थियों को दिया गया योजना का लाभ
आयोजन के दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना (संबल) अंतर्गत 12 मोटराइज्ड बैटरी चालित ट्राईसाइकिलों का वितरण किया गया. साथ ही तीन गुड सैमेरिटन व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता प्रदान कर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया था. साथ ही एक अंतरजातीय विवाह करने वाले दंपति को प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया.
स्टॉल लगाकर दी गयी योजनाओं की जानकारी
मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कुल 14 स्टॉलों का निरीक्षण किया गया, जिनमें जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला शिक्षा पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, डीआरडीए, जिला पशुपालन कार्यालय, भूमि संरक्षण कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला कृषि कार्यालय, जिला गव्य विकास कार्यालय, जिला उद्योग कार्यालय, जिला परिवहन कार्यालय, उत्पाद कार्यालय, जिला मत्स्य कार्यालय तथा जीविका, बांका शामिल रहे. सभी स्टॉलों पर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही थी तथा आम नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




