तीस वर्ष की महिला ने आठवीं बार दिया बच्चे को जन्म, चिकित्सकों की पहल पर बंध्याकरण के लिए हुई तैयार

प्रसूता की काउंसिलिंग करते चिकित्सा प्रभारी | Prabhat Khabar Network
Family Planning : एक महिला ने 8वीं बार मां बनकर खुशियां मनाईं, लेकिन डॉक्टरों की पहल पर परिवार नियोजन का महत्व समझकर बंध्याकरण कराने को राजी हो गई. यह घटना बार-बार गर्भधारण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को रेखांकित करती है.
Family Planning : कटोरिया प्रखंड की बसमत्ता पंचायत अंतर्गत कल्होड़िया गांव निवासी मंगरू यादव की पत्नी को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटोरिया लेकर पहुंचे. सुबह करीब 7:40 बजे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया. महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया, जिसका नाम आयुष रखा गया है. जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है.
चिकित्सकों ने परिवार नियोजन पर दी सलाह
प्रसव के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने महिला की काउंसिलिंग की. उन्होंने लगातार गर्भधारण से महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के बेहतर पालन-पोषण तथा छोटे परिवार के महत्व की जानकारी दी. चिकित्सकीय परामर्श के बाद महिला ने परिवार नियोजन अपनाने और बंध्याकरण ऑपरेशन कराने की सहमति भी जताई.
पहले सात प्रसवों में केवल तीन बेटियां जीवित
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार यह महिला का आठवां प्रसव है. इससे पहले हुए सात प्रसवों में जन्मे बच्चों में केवल तीन पुत्रियां—करीना, ब्यूटी और अर्चना—ही जीवित हैं, जबकि अन्य नवजातों की जन्म के कुछ घंटे बाद ही मृत्यु हो गई थी. इस बार स्वस्थ पुत्र के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है.
बार-बार गर्भधारण से बढ़ता है स्वास्थ्य जोखिम
चिकित्सकों ने बताया कि लगातार और बार-बार गर्भधारण से महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. ऐसे में समय पर परिवार नियोजन के साधनों को अपनाना मां और बच्चों, दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है. स्वास्थ्य विभाग सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है.
ये भी पढ़ें : सावन में जाग उठती है समुद्र मंथन की अमर गाथा, मंदार पर्वत आज भी सुनाता है अमृत-विष की दिव्य कथा
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरिया पथ पर 22 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां, बांका प्रशासन एक्शन मोड में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










