बांका में राष्ट्रीय लोक अदालत का नया रिकॉर्ड: 18,845 मामलों का हुआ निष्पादन; 9.18 करोड़ की समझौता राशि तय
फोटो- उदघाटन करते एडीजे, डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
बांका व्यवहार न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 18,845 वादों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया है। इस दौरान कुल 9 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की समझौता राशि तय हुई, जिससे बड़ी संख्या में पक्षकारों को त्वरित न्याय मिला।
बांका. व्यवहार न्यायालय बांका में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 18,845 वादों का समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया. इनमें 1,359 कोर्ट केस और 17,486 प्री-लिटिगेशन मामले शामिल रहे. लोक अदालत में कुल 9 करोड़ 18 लाख 21 हजार रुपये की समझौता राशि तय हुई. कोर्ट केसों से जुड़े मामलों में 98 लाख 6 हजार रुपये की सेटलमेंट राशि रही.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन एडीजे टू श्रीकांत तिवारी, एडीजे पंचम रिचा भारगव, एडीजे सप्तम अतुलवीर सिंह, स्पेशल एक्साइज कोर्ट के न्यायाधीश कुमार माधवेंद, सीजेएम शैलेंद्र कुमार, डीएलएसए सचिव सपना रानी, डीएम अंशुल अग्रवाल, जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष उमेश्वर सिंह और एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकिशोर यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना लोक अदालत का उद्देश्य
मौके पर एडीजे टू श्रीकांत तिवारी ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को त्वरित, सरल और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है. आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत होती है. उन्होंने लोगों से लोक अदालत और मध्यस्थता का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
14 बेंच और दो हेल्प डेस्क बनाए गए
वादों के निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 14 बेंच का गठन किया गया था. आमजनों की सहायता के लिए दो हेल्प डेस्क भी बनाए गए थे. विभिन्न बेंचों पर न्यायिक पदाधिकारियों और संबंधित विभागों की मौजूदगी में मामलों का निष्पादन किया गया.
आपराधिक, बिजली और ट्रैफिक से जुड़े मामलों का हुआ निपटारा
लोक अदालत में 955 आपराधिक सुलहनीय वादों का निष्पादन किया गया. बिजली से संबंधित 497 मामलों का निपटारा हुआ, जिसमें 31 लाख 84 हजार रुपये की रिकवरी हुई.
ट्रैफिक चालान से संबंधित 2,549 मामलों का भी निष्पादन किया गया. इन मामलों में 2 करोड़ 24 लाख 79 हजार रुपये की रिकवरी हुई. वहीं माप-तौल एवं फॉरेस्ट से संबंधित पांच मामलों का निष्पादन किया गया. खनन से संबंधित 261 मामलों का भी निपटारा हुआ.
बैंक के 2837 मामलों का निष्पादन, 4.41 करोड़ की रिकवरी
बैंक से संबंधित 2,837 वादों का निष्पादन किया गया. इन मामलों में कुल 4 करोड़ 41 लाख 425 रुपये की रिकवरी हुई. विभिन्न विभागों और संस्थानों से जुड़े मामलों के निष्पादन के माध्यम से बड़ी संख्या में पक्षकारों को त्वरित राहत मिली.
कोर्ट केसों के निष्पादन में बना नया रिकॉर्ड
राष्ट्रीय लोक अदालत की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि कोर्ट केसों के निष्पादन में नया रिकॉर्ड कायम होना रहा. इससे पहले मई में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 562 कोर्ट केसों का निष्पादन हुआ था, जबकि मार्च में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत में 642 वादों का निष्पादन किया गया था.
इस बार 1,359 कोर्ट केसों का निष्पादन किया गया, जो मार्च और मई में हुए पिछले दोनों आयोजनों की तुलना में काफी अधिक है. कोर्ट मामलों के निष्पादन का यह नया रिकॉर्ड बांका न्यायमंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
आपसी समझौते से लोगों को मिली राहत
डीएलएसए सचिव सपना रानी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल मामलों के निपटारे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी समझौते, सामाजिक सौहार्द और न्याय तक आसान पहुंच की भावना को भी मजबूत करती है. वर्षों से लंबित विवादों के समाधान से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली और न्यायिक प्रक्रिया में लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ.
डीएलएसए कर्मी और पैनल अधिवक्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में कृष्ण कुमार पांडेय, संजय कुमार सिंह, कुमार युगांक, राहुल रंजन, निखिल तिवारी, युवराज सिंह सहित डीएलएसए के सभी कर्मी, पैनल अधिवक्ता और पीएलवी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए