बांका के कटोरिया को 13,000 करोड़ का बड़ा तोहफा: मोथाबाड़ी में लगेगा पावर प्लांट; पूर्व विधायक निक्की हैंब्रम ने दी जानकारी
कटोरिया प्रखंड के मोथाबाड़ी में 13,000 करोड़ रुपये के बड़े पावर प्लांट की स्थापना को मंजूरी मिल गई है. पूर्व विधायक डॉ. निक्की हैंब्रम ने बताया कि इससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. भूमि अधिग्रहण के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.
कटोरिया (बांका). कटोरिया प्रखंडवासियों के लिए विकास के मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आयी है. प्रखंड क्षेत्र के मोथाबाड़ी में करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से पावर प्लांट स्थापित किए जाने की जानकारी सामने आयी है. शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में कटोरिया की पूर्व विधायक डॉ. निक्की हैंब्रम ने बताया कि सरकार की ओर से परियोजना को मंजूरी मिल गयी है. उन्होंने कहा कि परियोजना के धरातल पर उतरने से कटोरिया क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
भूमि अधिग्रहण के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
पूर्व विधायक ने बताया कि पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना के निर्माण से क्षेत्र में आधारभूत संरचना का विकास होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
एक सप्ताह में बीएमपी कैंप की चहारदीवारी का काम शुरू
डॉ. निक्की हैंब्रम ने बताया कि मोथाबाड़ी में बीएमपी कैंप निर्माण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कैंप की चहारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा. कैंप बनने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है.
करझौंसा में सीमेंट फैक्ट्री से रोजगार की उम्मीद
पूर्व विधायक ने बताया कि कटोरिया के करझौंसा में अल्ट्राटेक कंपनी की ओर से सीमेंट फैक्ट्री के निर्माण का कार्य भी चल रहा है. उनके अनुसार प्लांट के तैयार होने और उत्पादन शुरू होने के बाद क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं. इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है और रोजगार के लिए दूसरे क्षेत्रों में पलायन कम करने में मदद मिल सकती है.
कटोरिया के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का दावा
पूर्व विधायक डॉ. निक्की हैंब्रम ने कहा कि कटोरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर उनका समर्पण किसी पद का मोहताज नहीं है. उन्होंने कहा कि पद रहे या न रहे, कटोरिया के विकास के लिए उनका संकल्प पहले भी कायम था, आज भी है और आगे भी रहेगा. क्षेत्र के विकास के लिए वे हमेशा पूरी तरह कटिबद्ध रहेंगी.
प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा नेता रहे मौजूद
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा नेता कुमोद यादव, एतवारी तांती सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए